प्रेमानंद महाराज का भक्तों के लिए भावुक संदेश, स्वास्थ्य को लेकर चिंता
प्रेमानंद महाराज का वीडियो संदेश
मथुरा/वृंदावन: प्रेमानंद महाराज ने अपने अनुयायियों के लिए एक भावुक वीडियो संदेश जारी किया है। यह वीडियो रविवार को वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम ट्रस्ट के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया, जिसमें महाराज ने भक्तों से चिंता न करने और भजन-नाम जप में लगे रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि चाहे भेंट हो या न हो, उनका प्रेम और आशीर्वाद हमेशा भक्तों के साथ रहेगा। चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि गुरु हमेशा अपने शिष्यों के मन में विद्यमान रहते हैं।
महाराज ने भक्तों से सेवा, भजन और नाम जप में संलग्न रहने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उचित समय पर वह स्वयं संवाद करेंगे। अपने संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मौन और एकांतवास व्यक्तिगत कारणों से नहीं, बल्कि भक्तों के कल्याण के लिए है।
दरअसल, 17 मई से प्रेमानंद महाराज की रात्रि पदयात्रा स्थगित है, जिसके बाद से भक्तों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनकी दोनों किडनी प्रभावित हैं और उन्हें सप्ताह में कई बार डायलिसिस करानी पड़ती है। इसी कारण से व्यक्तिगत मुलाकातें भी रोक दी गई हैं। 17 मई की रात बड़ी संख्या में भक्त पदयात्रा और दर्शन के लिए आए थे, लेकिन महाराज पदयात्रा में शामिल नहीं हो सके। उनके शिष्यों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से बताया कि स्वास्थ्य कारणों से पदयात्रा रोक दी गई है और लोगों से भीड़ न लगाने की अपील की गई।
हालांकि, हाल ही में प्रेमानंद महाराज को केली कुंज आश्रम से बाहर निकलते हुए वराह घाट स्थित अपने गुरु गोविंद शरण महाराज के आश्रम जाते देखा गया था, जिससे भक्तों ने राहत की सांस ली। महाराज के इस भावुक संदेश के बाद सोशल मीडिया पर भक्त उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।