उत्तराखंड में विकास योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री धामी ने दी करोड़ों की मंजूरी
मुख्यमंत्री धामी की नई वित्तीय स्वीकृतियाँ
उत्तराखंड: धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क निर्माण और अन्य स्थानीय परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगभग 5 करोड़ रुपये की पहली किस्त और कई वित्तीय स्वीकृतियों पर हस्ताक्षर किए हैं। इन निर्णयों में मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके अलावा, सड़क निर्माण, सुरक्षा कार्य और खेल सामग्री की खरीद के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में द्वारीखाल ब्लॉक के कठुड़ बड़ा, देवीखाल स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये की परियोजना में पहली किस्त के रूप में 43.60 लाख रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है। इसी विधानसभा क्षेत्र के दुगड्डा ब्लॉक में महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.69 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें पहली किस्त के रूप में 1.02 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों हेतु ₹5 करोड़ की दी वित्तीय स्वीकृति। pic.twitter.com/Pkahe7mD7I
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) August 5, 2026
डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में हरिचंद देवता मंदिर के विकास के लिए 1.42 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिसमें पहली किस्त के रूप में 85.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिलम गांव में नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 90.16 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसमें पहली किस्त के तौर पर 54.09 लाख रुपये जारी होंगे। डीडीहाट के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पहले से स्वीकृत परियोजना की बची हुई 39.31 लाख रुपये की रकम जारी करने को भी मंजूरी मिल गई है।
अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा के कलझीपा जोशी में गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.61 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है, जिसमें पहली किस्त के रूप में 59.76 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में तामली से रूपालीगाड़ होते हुए सीम तक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है, जिसमें पहली किस्त के रूप में 47.66 लाख रुपये जारी होंगे। टिहरी जिले की नई टिहरी विधानसभा के सिलकोट ग्राम पंचायत में जंगली जानवरों से बचाव के लिए घेरबाड़, जाल, सुरक्षा दीवार और नाकिल नामे से कुएं तक सीसी रेलिंग मार्ग बनाने के लिए 93.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के लिए पहली किस्त के रूप में 56.31 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
देहरादून की रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे क्लब में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।