दिल्ली की मुख्यमंत्री ने गुरु पूर्णिमा पर महर्षि वाल्मीकि मंदिर में की पूजा-अर्चना
गुरु पूर्णिमा का पावन अवसर
नई दिल्ली - दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को महर्षि वाल्मीकि मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने भगवान के समक्ष राष्ट्र की प्रगति, दिल्ली के समग्र विकास और समाज में शांति, सद्भाव और समरसता की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा करते हुए संत-महात्माओं और गुरुओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक नहीं होते, बल्कि वे जीवन को सही दिशा में ले जाने वाले मार्गदर्शक होते हैं। गुरु व्यक्ति के भीतर ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और सेवा की भावना का संचार करते हैं, जो समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति की एक महान परंपरा है, जो हमें अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देती है। हमारे ऋषि-मुनियों और गुरु परंपरा ने भारत को ज्ञान, अध्यात्म और संस्कृति की अमूल्य धरोहर दी है, जिसने विश्व को हमेशा प्रेरित किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज का दिन हमें सत्य, सेवा, अनुशासन, नैतिकता और सदाचार के मूल्यों को अपनाने का संदेश देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दें। गुरु पूर्णिमा के इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की।