बिहार के स्कूलों में मिड-डे मील में कुछ सब्जियों पर रोक
बिहार में मिड-डे मील योजना में नई गाइडलाइंस
बेतिया। मानसून के दौरान बच्चों के भोजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, सरकारी स्कूलों में चल रही मध्याह्न भोजन (MDM) योजना में विशेष सावधानी बरती जाएगी। इस अवधि में विद्यालयों में बच्चों को भिंडी, बैंगन, सभी प्रकार के पत्तेदार साग और पत्ता गोभी की सब्जियां नहीं दी जाएंगी। MDM के निदेशक विनायक मिश्रा ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इन सब्जियों के उपयोग पर तुरंत रोक लगाने का आदेश दिया है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (MDM) कुमकुम पाठक ने बताया कि विभागीय निर्देश के अनुसार सभी प्रधानाध्यापकों को सूचित कर दिया गया है कि बरसात के मौसम में किसी भी स्थिति में भिंडी, बैंगन, पत्तेदार साग और पत्ता गोभी का उपयोग मध्याह्न भोजन में नहीं किया जाएगा। क्योंकि इस मौसम में इन सब्जियों में संक्रमण, कीटाणुओं और फफूंद के पनपने की संभावना अधिक होती है, जिससे फूड प्वाइजनिंग का खतरा बढ़ सकता है।
खाद्य सामग्री और स्वच्छता पर ध्यान
सभी विद्यालयों को अनाज, दाल, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों का उपयोग करने से पहले उनकी गुणवत्ता की जांच करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, डिब्बाबंद खाद्य सामग्री का उपयोग एक्सपायरी डेट की जांच के बाद ही किया जाएगा। खाद्य सामग्री को नमी से बचाने और उचित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विद्यालय परिसर, रसोईघर, बर्तन, पेयजल स्रोत और शौचालय की नियमित सफाई भी आवश्यक होगी। बच्चों को भोजन परोसने से पहले हाथ साबुन से धुलवाना अनिवार्य होगा।