मुख्यमंत्री धामी ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के चार सफल अभियानों का किया फ्लैग-इन
उत्तराखंड में पर्वतारोहण की उपलब्धियां
उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के साथ मिलकर संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल है।
मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को उनके सफल अभियानों के लिए बधाई दी और चुनौतीपूर्ण पर्वतीय परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी कौशल और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां न केवल उत्तराखंड बल्कि देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिससे उनमें साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित हो रही है।
माउंट एकांकागुआ (6,961 मीटर) के लिए NIM और JIM&WS के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को माउंट एकांकागुआ के शिखर पर सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को माउंट कुन की 7,077 मीटर ऊंची चोटी पर सफल आरोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यह उपलब्धि विशेष रही। इसके बाद, दल ने 26 अगस्त 2026 को माउंट डेल्टा-41 की 5,908 मीटर ऊंची चोटी और 31 अगस्त 2026 को माउंट नुन की 7,135 मीटर ऊंची चोटी पर भी सफल आरोहण किया। इस प्रकार, दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
मुख्यमंत्री ने सभी अभियान सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं प्रदान करती हैं। पर्वतारोहियों की ये उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ ही उत्तराखंड की पहचान को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री अमित कुमार सिन्हा, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स, पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के अधिकारी एवं विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य उपस्थित थे।