योग अभ्यास के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश: जानें क्या रखें ध्यान में
योग का महत्व और दिशा-निर्देश
नई दिल्ली: आजकल की व्यस्त जीवनशैली में खुद को स्वस्थ और तनावमुक्त रखने के लिए योग एक प्रभावी उपाय माना जाता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर को सक्रिय रखा जा सकता है, बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त की जा सकती है। हालांकि, योग का सही लाभ उठाने के लिए केवल आसन करना ही पर्याप्त नहीं है; इसके लिए कुछ महत्वपूर्ण नियमों का पालन करना भी आवश्यक है। आयुष मंत्रालय ने योग अभ्यास से संबंधित कई दिशा-निर्देश साझा किए हैं, जिन्हें अपनाकर अभ्यास को अधिक सुरक्षित और सहज बनाया जा सकता है।
योग के सामान्य नियमों में सबसे पहले स्वच्छता का ध्यान रखना आवश्यक है। इसका अर्थ है कि न केवल शरीर, बल्कि अभ्यास के आस-पास का वातावरण और मन भी स्वच्छ और शांत होना चाहिए। योग का अभ्यास हमेशा ऐसी जगह पर करना चाहिए, जहां शोर-शराबा कम हो, ताकि व्यक्ति बिना किसी बाधा के ध्यान केंद्रित कर सके।
योग करने से पहले शरीर और मन को आराम की स्थिति में लाना चाहिए। जल्दीबाजी या अत्यधिक थकान में योगाभ्यास करने से बचना चाहिए। इसके अलावा, अभ्यास शुरू करने से पहले शौच करना आवश्यक है, ताकि पेट हल्का रहे और अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अभ्यास के दौरान आरामदायक कपड़े पहनना भी महत्वपूर्ण है। हल्के और ढीले सूती कपड़े शरीर को आसानी से हिलाने-डुलाने में मदद करते हैं। योगाभ्यास के लिए योग मैट, दरी, गद्दे या मुड़े हुए कंबल का उपयोग किया जा सकता है, जिससे जमीन पर बैठने और आसन करने में सुविधा होती है।
योग सभी के लिए एक जैसा नहीं होता। यदि किसी को पुरानी बीमारी, शरीर में लगातार दर्द या दिल से संबंधित समस्या है, तो योगासन शुरू करने से पहले डॉक्टर या योग्य योग विशेषज्ञ से सलाह लेना आवश्यक है। अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार ही आसनों का चयन करना चाहिए।
गर्भावस्था के दौरान भी योग अभ्यास में सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसी स्थिति में योग विशेषज्ञ की सलाह से उपयुक्त अभ्यास करना बेहतर होता है।