भारतीय टीम को बड़ा झटका: हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर
हार्दिक पंड्या की चोट से टीम इंडिया को नुकसान
भारतीय क्रिकेट टीम को एक गंभीर झटका लगा है क्योंकि स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक को 9 जून को BCCI की मेडिकल टीम ने खेलने के लिए हरी झंडी दी थी, लेकिन अब यह पता चला है कि वह क्वाड्रिसेप्स स्ट्रेन के कारण मैदान पर नहीं उतर सकेंगे।
इस चोट से उबरने में हार्दिक को लगभग तीन सप्ताह का समय लग सकता है, जिससे वह तीनों वनडे मैचों में भाग नहीं ले पाएंगे। हालांकि, BCCI की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। अफगानिस्तान के खिलाफ यह वनडे सीरीज 13 जून से धर्मशाला में शुरू होने जा रही है। इस सीरीज में पहले ही विराट कोहली भी बाहर हो चुके हैं, और हार्दिक की चोट ने टीम इंडिया की चुनौतियों को और बढ़ा दिया है.
IPL में भी चोटिल रहे हार्दिक
हार्दिक ने IPL 2026 में पीठ में ऐंठन के कारण कई मैचों से बाहर रहना पड़ा था। IPL के बाद, वह छुट्टियों पर गए थे और लौटने के बाद सीधे BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पहुंचे, जहां उन्होंने पांच दिन तक मैच जैसी परिस्थितियों में अभ्यास किया। उन्होंने 10 ओवर की गेंदबाजी भी की थी।
हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने की उनकी उम्मीदें अब खत्म हो गई हैं, क्योंकि उन्हें जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है। हार्दिक की अनुपस्थिति भारत के लिए एक बड़ा नुकसान है, क्योंकि उनकी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी टीम को संतुलन प्रदान करती है। अब कप्तान शुभमन गिल को नए टीम कॉम्बिनेशन पर विचार करना होगा।
भारतीय टीम की घोषणा
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव और गुरनूर बरार।
*हार्दिक के स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी की घोषणा अभी तक नहीं की गई है।