×

RCB ने IPL 2026 का खिताब जीता: विराट कोहली की शानदार पारी ने दिलाई जीत

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने IPL 2026 का खिताब अपने नाम किया, जिसमें उन्होंने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी ने RCB को जीत दिलाई। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती, जिससे वे चेन्नई और मुंबई के साथ खड़े हो गए हैं। फाइनल में गुजरात का टॉप ऑर्डर एक बार फिर विफल रहा, जबकि RCB ने अपने गेंदबाजी निर्णय से सभी को चौंका दिया। जानें इस रोमांचक मुकाबले की पूरी कहानी।
 

RCB ने जीता IPL 2026 का खिताब


नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने IPL 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से मात दी। इसके साथ ही बेंगलुरू ने लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया। गुजरात ने पहले खेलते हुए 155 रन बनाए थे। जवाब में RCB ने 18वें ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया। विराट कोहली ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन की मैच विनिंग पारी खेली।


RCB ने मुंबई और चेन्नई की बराबरी की

IPL इतिहास में RCB सिर्फ तीसरी टीम बन गई है जिसने लगातार दो सीजन खिताब जीता है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में, जबकि मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में लगातार दो बार ट्रॉफी उठाई थी। बेंगलुरू ने 2025 के बाद 2026 का फाइनल जीतकर इस खास लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया है।


रजत पाटीदार की कप्तानी में रचा इतिहास

रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB ने नया मुकाम हासिल किया। पाटीदार अब एमएस धोनी और रोहित शर्मा के बाद तीसरे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने लगातार दो IPL खिताब जीते हैं। फाइनल से पहले कई एक्सपर्ट्स का मानना था कि इस पिच पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद रहेगा। लेकिन RCB मैनेजमेंट और कप्तान पाटीदार की सोच अलग थी। उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो बिल्कुल सही साबित हुआ।


गुजरात का टॉप ऑर्डर फिर फेल

IPL 2026 में गुजरात टाइटंस की सबसे बड़ी कमजोरी उसका मिडिल ऑर्डर रहा है। जब भी शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर जल्दी आउट हुए, पूरी टीम लड़खड़ा गई। फाइनल में भी यही कहानी दोहराई गई। गिल 10 रन, सुदर्शन 12 रन और बटलर 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वाशिंगटन सुंदर ने 50 रन की पारी खेलकर टीम को 155 तक पहुंचाया। RCB के लिए रसिख डार सलाम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।


कोहली की 'विराट' पारी से मिली जीत

गौरतलब है कि 156 रन का पीछा करने उतरी RCB को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दी। पावरप्ले में ही टीम ने 70 रन बना लिए थे। अय्यर ने 16 गेंद में 32 रन बनाए। टिम डेविड ने 24 और कप्तान पाटीदार ने 15 रन का योगदान दिया। लेकिन जीत के हीरो विराट कोहली रहे। उन्होंने नाबाद 75 रन बनाए और अरशद खान की गेंद पर छक्का लगाकर RCB को चैंपियन बनाया। इसी छक्के के साथ स्टेडियम में RCB फैंस का जश्न शुरू हो गया।