क्लोज़ ने मेसी को दी बधाई, तोड़ा विश्व कप में गोलों का रिकॉर्ड
मेसी ने क्लोज़ का रिकॉर्ड तोड़ा
नई दिल्ली: जर्मनी के पूर्व फॉरवर्ड मिरोस्लाव क्लोज़ ने लियोनेल मेसी को बधाई दी, जब अर्जेंटीना के इस स्टार खिलाड़ी ने डलास में ऑस्ट्रिया के खिलाफ 2-0 की जीत में गोल दागकर क्लोज़ के विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। मेसी ने अब तक टूर्नामेंट में कुल 18 गोल किए हैं, जबकि क्लोज़ के नाम 16 गोल का रिकॉर्ड था। यह उपलब्धि मेसी के छठे फीफा विश्व कप में खेलते समय हासिल हुई। इसके साथ ही, वह विश्व कप के छह संस्करणों (2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026) में खेलने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।
48 वर्षीय क्लोज़ ने जर्मन समाचार पत्र 'सुडड्यूशे साइटुंग' से कहा, "मैंने हमेशा कहा है कि मेसी कोई साधारण खिलाड़ी नहीं हैं। मेरे लिए, लियोनेल मेसी अब तक के सबसे महान फुटबॉलर हैं। बधाई हो, चैंपियन!" क्लोज़ 12 वर्षों तक विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने 2002 से 2014 के बीच खेले गए हर विश्व कप में गोल किए। क्लोज़ ने 2002 और 2006 विश्व कप में पांच-पांच, 2010 में चार और 2014 में दो गोल किए थे।
टूर्नामेंट से पहले, जब मेसी के उनके रिकॉर्ड को तोड़ने की संभावना जताई जा रही थी, तब क्लोज़ ने फीफा से कहा था, "मेसी बस मेसी हैं। मैंने हमेशा मैदान पर और मैदान के बाहर उनकी समस्याओं को सुलझाने की क्षमता तथा उनके व्यवहार की सराहना की है।"
मेसी ने 2006 में एक, 2014 में चार, 2018 में एक, 2022 में सात और मौजूदा टूर्नामेंट में पांच गोल किए हैं। उन्होंने विश्व कप के छह संस्करणों में खेलने के रिकॉर्ड की बराबरी की है और इनमें से पांच संस्करणों में गोल भी किए हैं। विश्व कप में उनका पहला गोल 2006 में सर्बिया और मोंटेनेग्रो के खिलाफ आया था।
अब तक मेसी के लिए यह टूर्नामेंट शानदार रहा है। अर्जेंटीना के शुरुआती दो मैचों में पांच गोल कर वह गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। उनके अभियान की शुरुआत अल्जीरिया के खिलाफ पहले राउंड की जीत में हैट्रिक के साथ हुई, जिसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रिया के खिलाफ ऐतिहासिक और रिकॉर्ड तोड़ने वाले दो गोल किए। इस नतीजे से अर्जेंटीना टीम की 'राउंड ऑफ़ 32' में जगह भी पक्की हो गई।