जहीर खान बन सकते हैं भारतीय क्रिकेट के नए मुख्य चयनकर्ता
नई दिल्ली में चयन समिति में बदलाव की चर्चा
भारतीय क्रिकेट टीम के चयन में हाल के दिनों में कई सवाल उठ रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष चयन समिति में महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना जताई जा रही है। मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की छुट्टी की चर्चा है। पहले पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती थी, लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। अब जहीर खान का नाम मुख्य चयनकर्ता के रूप में सामने आ रहा है।
अगले महीने अजित अगरकर का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। पहले यह माना जा रहा था कि उन्हें 2027 वनडे विश्व कप तक इस पद पर बनाए रखा जाएगा। लेकिन हाल के विवादों के कारण उनका अनुबंध बढ़ाना मुश्किल हो गया है। पिछले कुछ श्रृंखलाओं में चयनित टीम और सीनियर खिलाड़ियों के साथ विवाद के चलते उनकी छुट्टी की संभावना बढ़ गई है।
रोहित शर्मा के मामले ने बढ़ाया दबाव
भारत के इंग्लैंड दौरे के दौरान रोहित शर्मा को लेकर खबरें आईं कि मुख्य चयनकर्ता अगरकर ने स्पष्ट किया है कि पूर्व कप्तान अब टीम में फिट नहीं हैं। आईसीसी वनडे विश्व कप की टीम में उनकी जगह नहीं बन रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉर्ड्स टेस्ट उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंतिम मैच हो सकता है। जैसे ही यह जानकारी BCCI तक पहुंची, तुरंत इस पर प्रतिक्रिया दी गई। सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि रोहित अभी संन्यास नहीं ले रहे हैं। रोहित से जुड़े विवाद और टेस्ट टीम की लगातार हार ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। भारत को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा।
जहीर खान का नाम चर्चा में
बीसीसीआई अगरकर के अनुबंध को आगे बढ़ाने की योजना नहीं बना रही है, ऐसे में जहीर खान का नाम मुख्य चयनकर्ता के रूप में उभर रहा है। जहीर ने भारत के लिए 92 टेस्ट मैच खेले हैं और वे खिलाड़ी विकास और टीम प्रबंधन के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्होंने IPL में मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ भी काम किया है। इसके अलावा, वे BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से भी जुड़े रहे हैं। खबरों के अनुसार, बीसीसीआई वीवीएस लक्ष्मण को 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' की भूमिका देने पर विचार कर रहा है, जिसका उद्देश्य चयनकर्ताओं, बोर्ड और भारतीय टीम के बीच बेहतर तालमेल बनाना होगा।