जैनिक सिनर ने शंघाई मास्टर्स में चुनौती का सामना करने की तैयारी की
जैनिक सिनर की चुनौती
दुनिया के दूसरे नंबर के टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने बताया है कि उन्हें ‘शंघाई मास्टर्स’ का खिताब बचाने के लिए कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
हाल ही में लर्नर टिएन को हराकर 21वां एटीपी खिताब जीतने वाले जैनिक सिनर का शंघाई मास्टर्स में पहला मुकाबला जर्मनी के 49वें नंबर के खिलाड़ी डैनियल अल्टमायर से होगा।
एटीपी ने सिनर के हवाले से कहा, “मेरे पास तैयारी के लिए केवल एक अभ्यास सत्र है। देखते हैं क्या होता है। यह बहुत ही कठिन और कड़ी चुनौती होगी, खासकर पहला मैच। आप कभी नहीं जानते कि क्या होने वाला है।
शंघाई मास्टर्स में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज की अनुपस्थिति खलेगी। अल्काराज ने शारीरिक समस्याओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था। सिनर की सबसे बड़ी चुनौती नोवाक जोकोविच हैं, जिनसे पिछले साल फाइनल में जीतकर उन्होंने शंघाई ट्रॉफी जीती थी।
सिनर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैं अकेला नहीं हूं जो बदलाव कर रहा हूं। हर खिलाड़ी अपनी तकनीक में सुधार करने की कोशिश कर रहा है। हम जो भी करते हैं, वो पागलपन नहीं है, बस बेहतर बनने की कोशिश है। कुछ शॉट पिछले महीनों की तुलना में बेहतर हुए हैं, जबकि कुछ में सुधार की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि मैं हर टूर्नामेंट में अधिक से अधिक मैच खेलने का इंतजार कर रहा हूं, जिससे मुझे नई चीजें आजमाने का मौका मिलता है। सिनर ने यूएस ओपन के फाइनल में अल्काराज से हारने के बाद अपने खेल में बदलाव किया है।