टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, पैट कमिंस हुए बाहर
ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका
ऑस्ट्रेलिया की टीम 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में जुटी हुई है। वर्तमान में, कंगारू टीम पाकिस्तान दौरे पर है, जहां वह तीन मैचों की टी20 श्रृंखला खेल रही है। इसी बीच, उन्हें एक बुरी खबर मिली है, क्योंकि उनका एक प्रमुख खिलाड़ी आगामी आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर हो गया है, जिसे टीम इंडिया का सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी माना जाता है।
जी हां, ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। यह पुष्टि हो चुकी है और उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शुइस को शामिल किया गया है।
पैट कमिंस की अनुपस्थिति
पैट कमिंस लंबे समय से पीठ की चोट से जूझ रहे हैं। इसी कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ एशेज में केवल एक मैच खेल पाए थे। कमिंस ने पहले दो मुकाबले मिस किए और फिर तीसरे मैच में वापसी की, लेकिन अंतिम दो मैचों में खेलने का निर्णय नहीं लिया। माना जा रहा था कि उनका यह निर्णय टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए था। हालांकि, जब ऑस्ट्रेलिया ने अपना प्रारंभिक स्क्वाड घोषित किया था, तब चयन समिति के अध्यक्ष ने कहा था कि कमिंस बाद के मैचों के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।
अब जब ऑस्ट्रेलिया ने अपना अंतिम 15 सदस्यीय स्क्वाड फाइनल किया है, तो उसमें पैट कमिंस का नाम नहीं है। उनका बाहर होना निश्चित रूप से ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि उनके पास बड़े टूर्नामेंट का अनुभव है। वह एक प्रभावशाली गेंदबाज हैं और निचले क्रम में बल्ले से भी योगदान देते हैं। एशियाई परिस्थितियों में भी उनका अनुभव महत्वपूर्ण हो सकता था, लेकिन अब बैक इंजरी के कारण वह बाहर हो गए हैं।
बेन ड्वार्शुइस का चयन
ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस के बाहर होने पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बेन ड्वार्शुइस को चुना है, जिन्होंने हाल ही में बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन किया था। ड्वार्शुइस ने सिडनी सिक्सर्स के लिए 12 मैचों में 16 विकेट लिए हैं। वह पहले भी ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं और 13 टी20आई में 20 विकेट चटका चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा,
“पैट को पीठ की चोट से उबरने के लिए और समय चाहिए, इसलिए बेन एक उपयुक्त विकल्प हैं जो बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करने के साथ-साथ दमदार फील्डिंग और निचले क्रम में बल्लेबाजी करने की क्षमता भी प्रदान करते हैं। हमें विश्वास है कि उनकी गति और विविधताएं हमारी अपेक्षित परिस्थितियों और टीम की संरचना के लिए उपयुक्त होंगी।”
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड इस प्रकार है: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, बेन ड्वार्शुइस, कैमरून ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैट कुहनेमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा।