पंजाब स्टेट मिनी रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का उद्घाटन
खेल भावना का महत्व
खेल में जीत-हार से ज्यादा खेल भावना महत्वपूर्ण है : वरजीत वालिया
22 जिलों के 300 खिलाड़ी तीन दिनों में 280 मुकाबलों में लेंगे हिस्सा : रितिन खन्ना
जालंधर: आज शहर के प्रसिद्ध रायजादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में पंजाब स्टेट मिनी रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से जूनियर बैडमिंटन खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन डिप्टी कमिश्नर श्री वरजीत वालिया (आईएएस) ने किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा कि खेलों में जीत या हार केवल एक पहलू है, असली महत्व खेल भावना का होता है। उन्होंने यह भी कहा कि हर मैच में एक खिलाड़ी विजयी होता है और दूसरा पराजित, लेकिन खेल भावना को हमेशा बनाए रखना चाहिए। युवा खिलाड़ियों की ऊर्जा और उत्साह देखकर उन्हें खुशी हुई।
इसके बाद, डीसी श्री वरजीत वालिया ने स्टेडियम में नई सुविधाओं का निरीक्षण किया, जिसमें जिम्नेजियम, फिजियोथेरेपी सेंटर, स्पोर्ट्स शॉप, रेस्टोरेंट और मल्टीपर्पज कोर्ट शामिल हैं। उन्होंने पिछले पांच वर्षों में अंतरिम कमेटी द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर संतोष व्यक्त किया।
मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव श्री रितिन खन्ना ने बताया कि इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट में कुल 280 मुकाबले होंगे, जिसमें पंजाब के 22 जिलों से लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-11 और अंडर-13 आयु वर्ग के लड़कों और लड़कियों के लिए आठ अलग-अलग इवेंट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मुकाबले अगले तीन दिनों तक चलेंगे और फाइनल रविवार को आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन और जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री राकेश खन्ना, श्री हरप्रीत सिंह, श्री धीरज शर्मा, श्री पलविंदर सिंह, श्री कुसुम कायपी और श्री अनिल भट्टी भी उपस्थित रहे।