×

पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का निधन, मनोरंजन जगत में शोक की लहर

पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का हाल ही में निधन हो गया, जो एक बाइक दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। जानें उनके जीवन, करियर और संगीत यात्रा के बारे में।
 

राजवीर जवंदा का निधन

नई दिल्ली। पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का हाल ही में निधन हो गया। उन्हें बाइक दुर्घटना के बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। 27 सितंबर को, पंजाबी गायक का पंचकूला के पिंजौर में एक गंभीर एक्सीडेंट हुआ था।


पिंजौर-नालागढ़ रोड पर, सेक्टर-30 टी पॉइंट के पास, राजवीर जवंदा अपनी बाइक पर थे जब अचानक सांडों की लड़ाई के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया। वह बद्दी से पिंजौर की ओर जा रहे थे। इस दुर्घटना में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद से वह जीवन रक्षक प्रणाली पर थे।


गांव में प्रार्थनाएं जारी

राजवीर जवंदा के लुधियाना स्थित पैतृक गांव पौना में उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थनाएं की जा रही थीं। गांववाले गुरुद्वारे में अरदास कर रहे थे। राजवीर की मां परमजीत कौर गांव की पूर्व सरपंच रह चुकी हैं। उनकी गायकी की शुरुआत दूरदर्शन पर हुई थी, जहां उनकी प्रतिभा की सराहना की गई थी। उन्होंने जगरांव से अपनी पढ़ाई पूरी की और पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से थिएटर एवं टेलीविजन में एमए किया।


संगीत करियर की शुरुआत

राजवीर ने 2014 में 'मुंडा लाइक मी' एल्बम से अपने करियर की शुरुआत की। 2016 में 'कली जवंदे दी' गाने से उन्हें पहचान मिली। इसके बाद 'मुकाबला' और 'कंगणी' जैसे कई हिट गाने आए। 2018 में उन्होंने पंजाबी फिल्म 'सूबेदार जोगिंदर सिंह' से अभिनय की शुरुआत की और 'काका जी', 'जिंद जान', 'मिंदो तहसीलदारनी', 'सिकंदर 2' जैसी फिल्मों में भी काम किया।