पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में गेंद से छेड़छाड़ का विवाद
पाकिस्तान सुपर लीग में नया विवाद
नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 एक बार फिर से विवादों में घिर गया है। लीग के छठे मैच में कुछ ऐसा हुआ जिसने एक बार फिर से पाकिस्तान सुपर लीग और पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए इस मैच में गेंद से छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। इस घटना के बाद विवाद और बढ़ गया है। गेंद से छेड़छाड़ के कारण विपक्षी टीम को पांच रन पेनल्टी के रूप में दिए गए।
बॉल टेंपरिंग का आरोप
29 मार्च को शाम को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच मैच खेला गया। मैच के अंतिम ओवर में अंपायर को कुछ संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने गेंदबाज से गेंद लेकर इसे बदल दिया और पेनाल्टी के तौर पर सामने वाली टीम को 5 रन दिए।
आखिरी ओवर से पहले लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह, फखर जमान और गेंदबाज हारिस रऊफ कुछ बातचीत करते हुए नजर आए। इसी दौरान फखर जमान ने गेंद अपने हाथ में ली, जिससे अंपायर को उन पर संदेह हुआ। इसके बाद अंपायर ने हारिस रऊफ से गेंद लेकर बॉल टेंपरिंग का आरोप लगाते हुए 5 रनों का जुर्माना लगाया और मामले की जांच का आदेश दिया।
कराची किंग्स की जीत
कराची किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 14 रनों की आवश्यकता थी। हालांकि, लाहौर कलंदर्स ने खुद उनकी जीत की राह आसान बना दी। अंपायर द्वारा दिए गए 5 रन के जुर्माने के कारण उनका लक्ष्य घटकर 9 रन रह गया। बाद में अब्बास अफरीदी ने चौका और छक्का लगाकर 19.3 ओवर में मैच को अपने नाम कर लिया।
शाहीन शाह अफरीदी की प्रतिक्रिया
मैच के बाद शाहीन शाह अफरीदी ने इस विवाद पर सीधी प्रतिक्रिया देने से बचते हुए कहा कि उनकी टीम ड्रेसिंग रूम में जाकर फुटेज की समीक्षा करेगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि गेंद की स्थिति जानबूझकर बदली गई थी या नहीं।
उन्होंने कहा, 'मुझे इसके बारे में पता नहीं है, और हम देखेंगे कि क्या यह कैमरे में है और फिर इस पर चर्चा करेंगे। असल में, पांच रन दिए जा चुके हैं और हम कुछ नहीं कर सकते।'