पाकिस्तानी स्पिनर मोहम्मद नवाज को डोपिंग के लिए तीन महीने का प्रतिबंध
मोहम्मद नवाज पर आईसीसी का प्रतिबंध
नई दिल्ली. पाकिस्तान के अनुभवी स्पिनर मोहम्मद नवाज को डोप टेस्ट में प्रतिबंधित पदार्थ पाए जाने के कारण आईसीसी द्वारा एंटी-डोपिंग कोड के तहत निलंबित किया गया है। हालांकि, यदि वह रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम सफलतापूर्वक पूरा करते हैं, तो उनकी सजा में छूट मिल सकती है। आईसीसी के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 32 वर्षीय नवाज 7 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच हुए टी20 विश्व कप 2026 मैच के बाद लिए गए डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए।
डोप टेस्ट में मिली प्रतिबंधित सामग्री
डोप टेस्ट में नवाज के सैंपल में Carboxy-THC नामक प्रतिबंधित पदार्थ पाया गया, जिसे आईसीसी ने 'Substance of Abuse' की श्रेणी में रखा है। नवाज ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन को स्वीकार करते हुए कहा कि यह पदार्थ प्रतियोगिता के बाहर लिया गया था और इसका उद्देश्य खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था।
तीन महीने का निलंबन
आईसीसी ने मोहम्मद नवाज पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाया है, जो 1 मई 2026 से प्रभावी होगा। यदि नवाज आईसीसी द्वारा स्वीकृत नशामुक्ति कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करते हैं, तो उनकी सजा घटाकर एक महीने कर दी जाएगी। नवाज ने पहले ही ढाई महीने की अस्थायी निलंबन अवधि पूरी कर ली है और उपचार कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दे दी है। ऐसे में उनका प्रोविजनल सस्पेंशन भी हटा लिया गया है।
PCB को मिली जानकारी
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पहले ही पुष्टि की थी कि आईसीसी ने उन्हें इस मामले की जानकारी दे दी थी और बोर्ड ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी थी। मोहम्मद नवाज ने टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के सभी सात मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने 15 रन बनाए और 7 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की टीम सुपर-8 चरण से आगे नहीं बढ़ सकी थी। हाल ही में, नवाज ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में मुल्तान सुल्तान्स की ओर से खेलते हुए 10 मैचों में 54 रन बनाए और 6 विकेट अपने नाम किए।