भारत ने टी-20 विश्व कप में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब जीता
भारत की शानदार जीत
अहमदाबाद में खेले गए टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया। संजू सैमसन (89), इशान किशन (54) और अभिषेक शर्मा (52) की शानदार पारियों के साथ जसप्रीत बुमराह (चार विकेट) और अक्षर पटेल (तीन विकेट) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ भारत लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम बन गई है।
जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर चार विकेट लेकर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता, जबकि संजू सैमसन को 'प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट' का खिताब मिला। इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव का नाम भी विश्व कप विजेता कप्तानों की सूची में शामिल हो गया है।
न्यूजीलैंड ने 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से ही दबाव महसूस किया। तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन ऐलन (नौ) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। जसप्रीत बुमराह ने अगले ओवर में रचिन रवींद्र (एक) को आउट किया। पांचवें ओवर में अक्षर ने ग्लेन फिलिप्स (पांच) को बोल्ड किया। हार्दिक पंड्या ने मार्क चैपमैन (तीन) को बोल्ड कर पवेलियन भेजा। इस दौरान टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के लगाते हुए 52 रनों की पारी खेली, लेकिन वरूण चक्रवर्ती ने उन्हें आउट कर भारत की स्थिति मजबूत कर दी।