भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 में जीती ट्रॉफी, पुरस्कार राशि की घोषणा
Hockey Asia Cup 2025 का खिताब
Hockey Asia Cup 2025 पुरस्कार राशि: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को बिहार के राजगीर में आयोजित हीरो एशिया कप 2025 के फाइनल में कोरिया को 4-1 से हराया। इस जीत के साथ ही टीम ने न केवल टूर्नामेंट का खिताब जीता, बल्कि एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी क्वालीफाई किया है। यह भारत की एशिया कप पर आठ साल बाद वापसी है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए हॉकी इंडिया ने पुरस्कार राशि की घोषणा की है।
हॉकी इंडिया ने एशिया कप 2025 जीतने के बाद खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए पुरस्कार राशि का ऐलान किया है। इस बारे में जानकारी देते हुए हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'खुशी दोगुनी, जीत का इनाम... हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 में भारत की ऐतिहासिक चौथी एशिया कप जीत के बाद, हॉकी इंडिया खिलाड़ियों के लिए ₹3 लाख और सहयोगी स्टाफ के लिए ₹1.5 लाख के पुरस्कार की घोषणा करते हुए प्रसन्न है।' इसका मतलब है कि टूर्नामेंट में शामिल सभी खिलाड़ियों को ₹3 लाख मिलेंगे, जबकि सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹1.5 लाख दिए जाएंगे।
यह उल्लेखनीय है कि भारतीय हॉकी टीम ने पहले तीन बार एशिया कप का खिताब जीता है। 2003 में, टीम ने अपने प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 4-2 से हराकर ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद 2007 में और फिर मनप्रीत सिंह की कप्तानी में 2017 में भी टीम ने खिताब अपने नाम किया। अब, आठ साल बाद, भारत ने एक बार फिर एशिया हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता है। इस पूरे सीजन में मेज़बान भारत ने कोई भी मैच नहीं हारा।