सूर्यकुमार यादव बने तीसरे भारतीय कप्तान, टी20 विश्व कप में मिली जीत
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप जीता
नई दिल्ली: टी20 प्रारूप के वर्तमान कप्तान सूर्यकुमार यादव, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। सूर्या को रोहित शर्मा के संन्यास के बाद टीम की कमान सौंपी गई थी, हालांकि उनकी कप्तानी का चयन कुछ हद तक चौंकाने वाला था, क्योंकि वे रोहित के समय में उप-कप्तान नहीं थे।
कई लोगों का मानना था कि सूर्या की कप्तानी के पीछे मौजूदा मुख्य कोच गौतम गंभीर का हाथ है। गौरतलब है कि गंभीर के मार्गदर्शन में सूर्यकुमार कोलकाता नाइट राइडर्स में उप-कप्तान रह चुके हैं। लेकिन अब सूर्यकुमार ने बताया है कि टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तानी में गंभीर के अलावा चार अन्य व्यक्तियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका थी।
कौन हैं वो चार लोग?
सूर्यकुमार यादव, जो वर्तमान में भारतीय टी20 टीम के सफल कप्तानों में से एक हैं, ने बताया कि बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह, मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर, पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें कप्तान बनाने के निर्णय में योगदान दिया।
जय शाह का फोन
सूर्या ने इस बात का खुलासा करते हुए कहा, 'तत्कालीन बीसीसीआई सचिव जय भाई ने श्रीलंका सीरीज से तीन-चार दिन पहले मुझे फोन किया था। उन्होंने मुझे बताया कि वे मुझे टी20 टीम का कप्तान बना रहे हैं। जय शाह ने सबसे पहले मुझसे संपर्क किया था।'
हालांकि, सूर्या ने यह भी कहा कि उन्हें यकीन था कि उस समय रोहित और अजीत ही सभी योजनाएं बना रहे थे। गौतम बाद में आए और उन्होंने राहुल सर के साथ मिलकर जय भाई से इस बारे में चर्चा की। इसके बाद तय हुआ कि भारत की कप्तानी मुझे करनी चाहिए।'
सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया की सफलता
आपको बता दें कि जब से सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया की कप्तानी संभाली है, तब से भारत ने एक भी सीरीज नहीं हारी है। उन्होंने कुल 52 मैचों में भारत का नेतृत्व किया है, जिसमें से 42 मैचों में उन्हें जीत मिली है। इस दौरान उनका जीत प्रतिशत 80 से अधिक रहा है।