☰
×

अयोध्या दीपोत्सव 2026: विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

अयोध्या दीपोत्सव 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां लाखों दीप जलाने का विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस महोत्सव के महत्व और अयोध्या के विकास पर प्रकाश डाला। इस साल दीपोत्सव 7 नवंबर को मनाया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और एरियल शो का आयोजन भी होगा। जानें इस भव्य आयोजन की विशेषताएं और इसके पीछे की प्रेरणा।
 

अयोध्या दीपोत्सव 2026 का भव्य आयोजन

अयोध्या दीपोत्सव 2026: 'श्री राम नगरी का यह पुनर्वैभव दीपोत्सव के माध्यम से अद्भुत रूप से प्रकट होता है। 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुई यह यात्रा अब करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक बन चुकी है। इस वर्ष भी रामभक्त दीप जलाने का विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार हैं। हर दीप तुष्टीकरण के अंधकार पर आस्था की विजय, सांस्कृतिक गर्व के उदय और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प बनकर जल रहा है।' यह बातें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहीं।


सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सप्तपुरियों में सबसे श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम अपने 10वें भव्य दीपोत्सव का स्वागत करने के लिए उत्साहित है। लाखों दीपों की अलौकिक चमक से जगमगाते सरयू तट, रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती झांकियां, भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस महोत्सव में त्रेतायुग की यादों को फिर से जीवंत करेंगी। हर दीप प्रभु श्री राम के प्रति अगाध श्रद्धा का प्रतीक होगा और हर लौ हमारी सनातन संस्कृति के गौरव का उद्घोष करेगी।"


पूर्व सपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "लेकिन 2017 से पहले प्रभु श्री राम की प्रिय नगरी अयोध्या उपेक्षा और अव्यवस्था का शिकार थी। निर्दोष रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाली और पवित्र श्री हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने वाली सरकार को 'राम की अयोध्या' के विकास से क्या लेना-देना? प्रभु श्री राम की कृपा से 2017 के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया सूर्योदय हुआ।"


सीएम ने कहा, "आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रामनगरी अपने प्राचीन वैभव को पुनः प्राप्त कर रही है। भव्य श्री राम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सुसज्जित रामपथ, नव्य घाट, आधुनिक सुविधाएं और सोलर सिटी के रूप में विकसित होती अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता का अद्भुत संगम बन चुकी है।"


जानकारी के अनुसार, अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। रामनगरी के 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाने के अलावा, इस आयोजन में स्वदेशी तकनीक से बने 2,100 ड्रोन के माध्यम से रामायण पर आधारित एक एरियल शो भी होगा। इसके साथ ही, 2,147 लोग सरयू आरती भी करेंगे। यहाँ घाटों की सफाई, बेहतर लाइटिंग और सुविधाओं को सुधारने पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसमें सार्वजनिक शौचालय और चेंजिंग रूम भी शामिल हैं। इस साल दीपोत्सव 7 नवंबर को मनाया जाएगा।