नन्हे हाथी 'राजा' का एयरलिफ्ट: बेहतर इलाज के लिए असम से गुजरात
नन्हे हाथी 'राजा' का जीवनदायिनी उपचार
सात हफ्ते का नन्हा हाथी 'राजा' असम से बेहतर चिकित्सा और एक नई जिंदगी की उम्मीद के साथ वनतारा लाया जा रहा है। उसके स्वास्थ्य को सुधारने और उसे स्वस्थ बनाने के लिए जीवनरक्षक उपचार की योजना बनाई गई है। 'राजा' इस समय जीवन की कठिन लड़ाई लड़ रहा है। जन्म के समय ही उसकी मां की घबराहट में एक लात से उसके पिछले पैर की हड्डी टूट गई थी, जिससे वह न तो ठीक से खड़ा हो सका और न ही अपनी मां का दूध पी सका। राजा का जन्म 2 अक्टूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था।
राजा को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए अनंत अंबानी की पहल पर उसे असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा लाने की योजना बनाई गई है। इसके लिए विशेष विमान भेजा गया है। 2,500 किलोमीटर से अधिक की सड़क यात्रा उसके लिए खतरनाक हो सकती थी, इसलिए चार घंटे की हवाई यात्रा का विकल्प चुना गया है।
8 अक्टूबर से वनतारा की रैपिड रिस्पॉन्स टीम और स्थानीय देखभाल करने वालों की 11 सदस्यीय टीम असम के पोहुमारा में चौबीसों घंटे उसका इलाज और हाइड्रोथेरेपी कर रही थी।
राजा की सुरक्षित यात्रा के लिए विमान में विशेष बिस्तर का इंतजाम किया गया है। इसके साथ ही, उसके घायल पैर को सहारा देने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि यात्रा के दौरान उसे किसी प्रकार की परेशानी न हो। डॉक्टरों और देखभाल करने वालों की एक विशेष टीम पूरी यात्रा में उसके साथ रहेगी।