चीन में महिला ने बालकनी से फेंके लाखों रुपये, अफरातफरी मच गई
चीन के शांतऊ में अनोखा मामला
शांतऊ शहर में शुक्रवार सुबह एक अजीब घटना घटी, जब एक महिला ने अपने अपार्टमेंट की बालकनी से हांगकांग के एक हजार डॉलर के नोट (लगभग डेढ़ करोड़ रुपये) फाड़कर नीचे गिराना शुरू कर दिया। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग सड़क पर आ गए और नोट इकट्ठा करने लगे। स्टार लेक सिटी नामक इस आवासीय परिसर में अचानक अफरातफरी मच गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह सब एक दांपत्य विवाद के बाद हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला ने नोटों की बारिश की
सुबह लगभग नौ बजे लॉन्गहू जिले के स्टार लेक सिटी में अचानक हड़कंप मच गया। जब लोगों ने ऊपर से उड़ते नोट देखे, तो वे दंग रह गए। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक महिला को अपनी बालकनी से बार-बार नोट फेंकते हुए देखा जा सकता है। कुछ ही समय में नीचे भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और लोग नोट बटोरने लगे। स्थानीय प्रशासन को सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रॉपर्टी मैनेजमेंट ने पुष्टि की कि ये नोट असली थे। हालांकि, कुछ निवासियों ने अपने द्वारा इकट्ठा किए गए नोट वापस लौटा दिए हैं। प्रबंधन ने अन्य लोगों से भी अपील की है कि जो भी पैसे उनके पास हैं, उन्हें थाने या ऑफिस में जमा कर दें।
घरेलू विवाद का परिणाम
जानकारी के अनुसार, यह घटना पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हुए तीखे झगड़े का परिणाम है। गुस्से में आकर महिला ने यह कदम उठाया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह रकम किसकी थी और इतनी बड़ी मात्रा में नकदी घर में क्यों रखी गई थी। स्थानीय पुलिस (झुची पुलिस स्टेशन) के अधिकारियों ने बताया कि मामले को सुलझा लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जो भी पैसे मिले हैं, उन्हें वापस कर दें। स्ट्रीट ऑफिस के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही एक औपचारिक बयान जारी किया जाएगा।