वंदे भारत एक्सप्रेस में मिले जिंदा कीड़े, रेलवे ने लिया सख्त एक्शन
वंदे भारत का वायरल वीडियो
वंदे भारत एक्सप्रेस का वायरल वीडियो: भारत की सबसे तेज और प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में एक यात्री को ट्रेन में परोसे गए खाने में जिंदा कीड़े दिखाई दे रहे हैं। यह घटना पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 21896 में हुई। इस खौफनाक वीडियो के वायरल होते ही रेलवे मंत्रालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया है।
कीड़े को केसर बताने की कोशिश
यह घटना 15 मार्च 2026 की है। रितेश कुमार सिंह नामक यात्री ने शिकायत की कि उन्हें रात के खाने में दाल और अमूल दही में जिंदा कीड़े मिले। वायरल वीडियो में सबसे चौंकाने वाला पल तब आया जब ट्रेन के अटेंडेंट ने गलती मानने के बजाय उस कीड़े को केसर बताने की कोशिश की। जब रितेश ने कीड़ों को करीब से दिखाया, तब जाकर कर्मचारी ने अपनी गलती स्वीकार की। रितेश ने खाना नहीं खाया, लेकिन उनके साथ यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री ने कीड़े दिखने से पहले ही उसे खा लिया था।
यात्री का गुस्सा
गुस्से में रितेश ने स्टाफ को फटकारते हुए कहा, "हम ज़हर खाने के लिए पैसे दे रहे हैं।" जब कर्मचारी ने कहा कि वह शिकायत दर्ज करेगा, तो रितेश ने पूछा, "अगर खाने से फ़ूड पॉइजनिंग हो गई तो जिम्मेदार कौन होगा? क्या हमारी शिकायत तब की जाएगी जब हम मर जाएंगे?" स्टाफ ने यात्री को सलाह दी कि वह इस घटना को 'X' पर टैग करके पोस्ट कर दें।
रेलवे की कार्रवाई
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, रेलवे मंत्रालय ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की। रेलवे ने IRCTC पर 10 लाख रुपये और खाने की आपूर्ति करने वाले प्राइवेट सर्विस प्रोवाइडर पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही, कीड़े वाला खाना देने वाले वेंडर का कॉन्ट्रैक्ट भी तुरंत रद्द कर दिया गया।