×

वर्ष 2024 में विमान से नेपाल आने वाले पर्यटकों की संख्या 11 लाख के पार 

 


काठमांडू, 31 दिसंबर (हि.स.)। वर्ष 2024 में 11 लाख से अधिक विदेशी पर्यटकों ने नेपाल का दौरा किया। यह संख्या विदेशों से विमान से पहुंचने वाले पर्यटकों की ही है।

वर्ष 2024 के अंतिम दिन नेपाल पर्यटन बोर्ड के जारी आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष नेपाल में उल्लेखनीय संख्या में पर्यटकों का आगमन हुआ है। 31 दिसंबर की सुबह तक कुल 11,47,024 पर्यटक नेपाल में प्रवेश कर चुके हैं। कोरोना महामारी के बाद यह पहला साल है जब नेपाल ने सबसे अधिक पर्यटकों का स्वागत किया है।

बोर्ड के मुताबिक पर्यटकों की यह संख्या विदेशों से विमान से आने वाले पर्यटकों की ही है। इसमें सड़क मार्ग से आने वाले भारत के अलावा अन्य देश के पर्यटक की संख्या तो जोड़ी गई है लेकिन भारत से सड़क मार्ग के जरिए पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या का आंकड़ा नहीं रखा जाता है।

नेपाल पर्यटन बोर्ड के निदेशक मरिन राज लामिछाने ने कहा कि हर दिन औसतन 3,000 पर्यटक नेपाल में प्रवेश करते हैं। वर्ष 2023 की तुलना में 2024 में पर्यटकों के आगमन में 14 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई। अन्य त्योहारों के साथ-साथ नेपाल प्रीमियर लीग, ग्लोबल बौद्ध शिखर सम्मेलन, अंतरराष्ट्रीय गुब्बारा महोत्सव, ड्रैगन बोट फेस्टिवल के कारण नेपाल में पर्यटकों का आगमन बढ़ने का अनुमन है।

कोरोना महामारी से पहले 2019 में 11.97 लाख विदेशी पर्यटकों ने नेपाल का दौरा किया था। वर्ष 2020 की शुरुआत में कोरोना महामारी के कारण पर्यटकों का आगमन 2022 तक काफी कम रहा। संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन के पिछले छह महीने के आंकड़ों के अनुसार नेपाल में कोरोना महामारी के बाद पर्यटन में 96 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास