सुरक्षा परिषद में यूक्रेन पर मतदान आज, युद्ध की तीसरी वर्षगांठ पर जेलेंस्की हुए भावुक
न्यूयॉर्क/कीव, 24 फरवरी (हि.स.)। संयुक्त राज्य अमेरिका के यूक्रेन पर पेश किए गए तटस्थ प्रस्ताव के मसौदे पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद 24 फरवरी को अपराह्न तीन बजे मतदान करेगी। अमेरिकी प्रस्ताव के मसौदे का मूल पाठ 21 फरवरी को सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों को सौंप दिया गया था। इस बीच युद्ध की तीसरी वर्षगांठ पर यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की भावुक हो गए।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने यह खबर संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी मिशन के हवाले से साझा की है। स्थायी मिशन ने कहा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका ने पहली बार यूक्रेन के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा के रूस विरोधी प्रस्ताव के मसौदे का सह प्रस्ताव बनने से इनकार कर दिया। मसौदे में रूस और यूक्रेन के संघर्ष में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया गया है और इसके जल्द से जल्द अंत का आग्रह किया गया है।
तास के अनुसार, पूर्व की खबरों में कहा गया था कि संयुक्त राज्य अमेरिका यह प्रस्ताव कर सकता है कि यूक्रेन में संघर्ष के समाधान के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद अपने मसौदा प्रस्ताव पर मतदान करे। यह कीव और पश्चिमी देशों के मसौदा प्रस्ताव की तुलना में कहीं अधिक तटस्थ है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने एक्स हैंडल पर भावुक होते हुए कहा कि इस साल रूसी आक्रमण की शुरुआत की तीसरी वर्षगांठ है। यह हमारे लोगों की पूर्ण वीरता के तीन वर्ष का कालखंड है। उन्होंने यूक्रेन के लिए अपने प्राणों का बलिदान करने वाले वीरों की स्मृति में मोमबत्ती जलाते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने हर बलिदानी का आभार किया। साथ ही सहयोगी राष्ट्रों का धन्यवाद किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद