काला सागर में व्यापारिक जहाज पर धमाका: सभी 17 नाविक सुरक्षित
धमाके के बाद जहाज में लगी आग
नई दिल्ली: काला सागर में बढ़ते ड्रोन हमलों के बीच रोमानिया के समुद्री क्षेत्र में एक व्यापारिक जहाज पर जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद जहाज में आग लग गई। यह घटना यूक्रेन की सीमा के निकट हुई, जिससे समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। राहत की बात यह है कि जहाज पर मौजूद सभी 17 नाविक सुरक्षित हैं। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
रक्षा मंत्री ने दी जानकारी
रोमानिया के रक्षा मंत्री रादू मिरुत्सा ने बुधवार को इस घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग ड्रोन हमले के कारण लगी या किसी अन्य वजह से। रोमानिया के एयर डिफेंस रडार ने जहाज की ओर आते हुए किसी ड्रोन का पता नहीं लगाया था।
कोमोरोस का झंडा लिए जहाज
जानकारी के अनुसार, जिस जहाज का नाम 'यारा जे' है, वह कोमोरोस के झंडे के साथ समुद्र में चल रहा था। यह स्पष्ट नहीं है कि जहाज खाली था या उसमें कोई सामान था, लेकिन चालक दल के सदस्य जहाज पर मौजूद थे।
जहाज के चालक दल ने डेन्यूब नदी के मुहाने पर स्थित रोमानिया के सुलिना शहर से लगभग 10 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में मदद के लिए संदेश भेजा था, जिसके बाद बचाव दल को घटना की जानकारी मिली।
सभी नाविक सुरक्षित
रोमानिया के रक्षा मंत्री के अनुसार, बचाव दल के पहुंचने से पहले ही चालक दल ने आग पर काबू पा लिया था। जहाज पर सीरिया, भारत और ईरान के कुल 17 लोग सवार थे, और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद जहाज रोमानिया के काला सागर तट पर स्थित कॉन्स्टांटा बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है, जहां आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।
काला सागर में हमलों की बढ़ती घटनाएं
काला सागर में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ी हैं। लगभग नौ दिन पहले एक तुर्की व्यापारिक जहाज पर भी ड्रोन हमला हुआ था, जो रोमानिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में डूब गया था। उस घटना में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, पड़ोसी देश बुल्गारिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में भी कई जहाज प्रभावित हुए हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद से रोमानिया के हवाई क्षेत्र में कई बार ड्रोन देखे गए हैं।