किसानों के लिए संगोष्ठी का आयोजन, कृषि संकल्प अभियान की जानकारी साझा की गई
चंडीगढ़ में आयोजित एक संगोष्ठी में किसानों को कृषि संकल्प अभियान के तहत नवीनतम जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में विभिन्न कृषि विभागों के विशेषज्ञों ने भाग लिया और किसानों को फसल प्रबंधन, बागवानी, और प्राकृतिक खेती के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान, स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्थापित बायोगैस प्लांट का दौरा भी किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों को आगामी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
Jun 9, 2025, 19:35 IST
किसानों के लिए संगोष्ठी का आयोजन
चंडीगढ़ समाचार: खण्ड रायपुर रानी के गॉव गढ़ी कोटाहा और प्यारेवाला में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत डॉ. सुरेन्द्र यादव, उप निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पंचकुला और डॉ. श्रीदेवी, संयोजिका, कृषि विज्ञान केन्द्र, पंचकुला के मार्गदर्शन में एक किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, बागवानी विभाग, पशुपालन विभाग, NDRI करनाल, NBAGR करनाल और भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान, चंडीगढ़ के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने भाग लिया और किसानों के साथ नवीनतम जानकारी साझा की।
इस कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने फसल प्रबंधन, बागवानी, खादों का संतुलित उपयोग, प्राकृतिक खेती, मृदा एवं जल संरक्षण, दुग्ध उत्पादन और पशुओं की नस्ल सुधार के विषय में किसानों को जागरूक किया। कार्यक्रम के अंतर्गत टीम ने गॉव प्यारेवाला में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्थापित कम्युनिटी बायोगैस प्लांट का दौरा भी किया। उपस्थित विशेषज्ञों ने किसानों से आग्रह किया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत 29.05.2025 से 12.06.2025 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय भाग लें और कृषि से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर अधिकतम लाभ उठाएं। इस अभियान के तहत सभी कृषि संबंधित विभाग एक ही स्थान पर किसानों को जानकारी प्रदान कर रहे हैं।