चीन में पालतू जानवरों की यादों को हीरे में बदलने का नया चलन
बीजिंग में पालतू जानवरों के प्रति बढ़ता लगाव
बीजिंग - चीन में लोग अपने मृत पालतू कुत्तों और बिल्लियों की यादों को संजोने के लिए उनके बालों और अस्थियों से हीरे बनाने का नया कारोबार शुरू कर रहे हैं। इन विशेष हीरों को 'मेमोरियल डायमंड' कहा जाता है, और इसके लिए ग्राहक लाखों रुपये तक खर्च कर रहे हैं। हालांकि, ज्वेलरी विशेषज्ञों ने इस बढ़ते कारोबार पर सवाल उठाते हुए ग्राहकों को संभावित धोखाधड़ी के प्रति सावधान रहने की सलाह दी है।
धोखाधड़ी की आशंका
विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान में कोई प्रमाणित तकनीक नहीं है, जिससे यह साबित किया जा सके कि तैयार किए गए हीरे में मौजूद कार्बन वास्तव में किसी विशेष पालतू जानवर के बालों या अस्थियों से निकाला गया है। इस स्थिति में, कुछ कंपनियां सामान्य लैब-ग्रोन हीरे को पालतू जानवर की निशानी बताकर ऊंची कीमत पर बेच सकती हैं। इसके अलावा, कंपनियों द्वारा प्रस्तुत निर्माण प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी संपादित की जा सकती है। इस क्षेत्र में स्पष्ट सरकारी मानक न होने के कारण ग्राहकों के पास धोखाधड़ी की स्थिति में शिकायत करने के सीमित विकल्प हैं।
कहानी जो चर्चा में आई
इस कारोबार की चर्चा तब बढ़ी जब चीन के जिलिन प्रांत की चेन जिंग ने अपने पालतू टॉय पूडल बाओबाओ के बालों से हीरे की अंगूठी बनवाने के लिए लगभग 1.25 लाख रुपये खर्च किए। उन्हें 18 कैरेट सोने की अंगूठी में जड़ा आधा कैरेट का हीरा मिला, जिसे वह बाओबाओ की याद में पहनती हैं।
मेमोरियल डायमंड बनाने की प्रक्रिया
एक मेमोरियल डायमंड बनाने के लिए सामान्यतः तीन ग्राम बालों की आवश्यकता होती है। सबसे पहले, बालों या अस्थियों को साफ करके सुखाया जाता है, फिर उन्हें पीसकर कार्बन निकाला जाता है। इस कार्बन को अन्य सामग्रियों के साथ मिलाकर उच्च दबाव और तापमान में हीरा तैयार किया जाता है। कुछ कंपनियां दावा करती हैं कि उनके बनाए हीरे में 100 प्रतिशत कार्बन संबंधित पालतू जानवर से ही प्राप्त होता है।
ग्राहकों की प्रोफाइल
चीन में इस कारोबार का दायरा तेजी से बढ़ रहा है, और रिपोर्ट्स के अनुसार, देश में कम से कम 20 ब्रांड इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। घरेलू कंपनियां एक कैरेट हीरे के लिए 1.39 लाख से 4.17 लाख रुपये तक वसूल रही हैं। स्विट्जरलैंड की एक कंपनी 11 ग्राम बाल या 250 ग्राम अस्थियों से एक कैरेट का हीरा बनाने के लिए 12 लाख रुपये से अधिक शुल्क लेती है।
सोशल मीडिया पर बहस
इस कारोबार पर इंटरनेट पर लोगों की राय विभाजित है। कुछ इसे भावनाओं का फायदा उठाने वाला कारोबार मानते हैं, जबकि अन्य इसे पालतू जानवरों की यादों को सुरक्षित रखने का एक व्यक्तिगत तरीका मानते हैं। कई लोग अपने पालतू जानवरों के बालों को सुरक्षित रखने या अन्य यादगार वस्तुएं बनाने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
चीन की पेट इकोनॉमी
चीन में पालतू जानवरों से जुड़ा बाजार तेजी से बढ़ रहा है, और रिपोर्ट्स के अनुसार, देश की पेट इकोनॉमी का आकार लगभग 4.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जिसमें करीब 12.6 करोड़ कुत्ते और बिल्लियां शामिल हैं।