चीन में बाढ़ के बीच 900 सांपों का भागना: कोबरा और अन्य जहरीले सांपों से दहशत
चीन में बाढ़ का कहर
नई दिल्ली: दक्षिणी चीन में ट्रॉपिकल स्टॉर्म मेसाक के कारण हुई भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। गुआंग्शी ज़ुआंग ऑटोनॉमस रीजन के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं। इसी दौरान, हेंगझोऊ के एक व्यावसायिक सांप प्रजनन फार्म में बाढ़ का पानी घुसने से लगभग 900 सांप बाहर निकल गए हैं। इस घटना के बाद इलाके में 'खुलेआम घूम रहे कोबरा' के कारण भय का माहौल बन गया है।
ब्रीडिंग फार्म से भागे जहरीले सांप
स्थानीय समाचारों के अनुसार, भागे हुए सांपों में कोबरा, किंग रैटस्नेक और वॉटर स्नेक शामिल हैं। जैसे ही बाढ़ का पानी घटा, ये सांप घरों, मलबे और सूखी जगहों पर शरण लेने लगे। अधिकारियों ने तुरंत चेतावनी जारी की है, जिसमें लोगों से बाढ़ के पानी से दूर रहने और हर कदम फूंक-फूंक कर रखने की अपील की गई है।
सरकारी मीडिया ने एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें रेस्क्यू टीम बाढ़ के गंदे पानी से सांप पकड़ती नजर आ रही है। एक क्लिप में कोबरा तेज धारा के ऊपर सिर उठाए हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो चीनी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
सांप के काटने से एक की मौत, कई घायल
बाढ़ के बाद से क्षेत्र के अस्पतालों में सांप के काटने के कई मामले सामने आए हैं। एक ग्रामीण ने बताया कि जब वह अपने घर की निचली मंजिल से मलबा हटा रहा था, तब उसे कोबरा ने काट लिया। एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि सांप के काटने से एक व्यक्ति की जान भी चली गई। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ के कारण विस्थापित सांप अक्सर सुरक्षित स्थान की तलाश में इंसानों से टकराते हैं।
बाढ़ से 39 लोगों की मौत, 1.3 लाख लोग विस्थापित
सांपों के भागने की यह घटना चीन की सबसे गंभीर बाढ़ के दौरान हुई है। मेसाक तूफान के कारण गुआंग्शी में कुछ स्थानों पर 90 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हुई। जलाशय और बांध टूटने से कस्बों और गांवों में पानी की तेज धार बहने लगी। अब तक गुआंग्शी में कम से कम 39 लोगों की जान जा चुकी है।
नाननिंग शहर में बांध टूटने से अकेले 26 लोगों की मौत हुई है। 1 लाख 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बचाव कार्य के लिए हजारों कर्मी, नौकाएं और ड्रोन तैनात किए गए हैं। मौसम का प्रभाव अन्य प्रांतों पर भी पड़ा है, जिससे मध्य चीन में भी मौतें हुई हैं।
राहत और सफाई का कार्य शुरू
कुछ क्षेत्रों में पानी कम होने लगा है। अब अधिकारी कीचड़ हटाने, सड़कों की मरम्मत और बिजली बहाल करने में जुटे हैं। हजारों घरों में फिर से बिजली पहुंचाई जा रही है। हालांकि, सांपों का खतरा अभी भी बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, सतर्क रहें और अपने घरों के आसपास चेक करते रहें।