जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप, 13 मृतकों की पुष्टि
जापान में भूकंप का कहर
यामे (जापान), 29 जुलाई (एपी) - जापान के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में 7.1 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसके परिणामस्वरूप 13 लोगों के शव बरामद हुए हैं। लापता व्यक्तियों की खोज के लिए बुधवार सुबह से बचाव कार्य जारी है, जैसा कि प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने बताया। यह भूकंप मंगलवार को दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोतो क्षेत्र में आया।
ताकाइची ने कहा, "कुछ लोग अब भी बचाए जाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं और समय तेजी से बीत रहा है। हम अधिकतम लोगों को खोजने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।" उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रभावित लोगों से गर्म मौसम में अपनी देखभाल करने का अनुरोध किया।
जापान का सेल्ड डिफेंस फोर्स भी एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त शॉपिंग मॉल में बचाव कार्य में जुटा है, और प्रभावित क्षेत्रों में पानी, भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं। कुमामोतो में अग्निशमन विभाग ने बताया कि काशिमा कस्बे में एयॉन मॉल की दूसरी मंजिल ढह गई, जिससे कई लोग फंस गए। इसके अलावा, यत्सुशिरो कारखाने की एक चिमनी भी ढह गई, जिससे लोग मलबे में दब गए।
यह प्रभावित क्षेत्र तोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि प्रमुख सार्वजनिक सुविधाओं या बुनियादी ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। परमाणु विनियमन प्राधिकरण ने कहा कि आसपास के तीन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है।
क्योदो न्यूज के अनुसार, यत्सुशिरो शहर के एक अस्पताल में लगभग 40 घायलों को भर्ती कराया गया, जबकि कुमामोतो शहर के एक अन्य अस्पताल में लगभग 50 लोगों का इलाज किया गया। क्यूशू में कई प्रमुख विनिर्माण कंपनियों ने मंगलवार को अपना कामकाज रोक दिया था, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं होने पर उन्होंने बुधवार को परिचालन फिर से शुरू करने की योजना बनाई। आसो कुमामोतो हवाई अड्डे का रनवे बंद कर दिया गया है, और इसके फिर से खुलने की कोई जानकारी नहीं दी गई है।
क्योदो ने यह भी बताया कि यत्सुशिरो स्टेशन पर एक ट्रेन पटरी से उतरकर पलट गई। प्रमुख पर्यटन स्थल कुमामोतो किले की पत्थर की दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है, जो पहले 2016 के भूकंप में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
मिफुने नगर कार्यालय के अधिकारी हिरोकी शिमोदा ने कहा, "भूकंप के झटकों ने मुझे कुमामोतो में (10 साल पहले) आए भूकंप की याद दिला दी और मैं डर गया।" उन्होंने आसपास के मकानों की छतों से खपरैल गिरते हुए देखा। 2016 में आए विनाशकारी भूकंप में कम से कम 50 लोगों की जान गई थी। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप के बाद संभावित झटकों के मद्देनजर निवासियों से अगले दो से तीन दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।