दुबई के शासक के भाई शेख अहमद बिन राशिद का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक
दुबई के शासक के भाई का निधन
दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के छोटे भाई, शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम, का निधन हो गया है। उन्होंने 76 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली, जिसकी पुष्टि उनके भाई ने की। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारण अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। उनके निधन के बाद दुबई में 10 दिनों का आधिकारिक शोक घोषित किया गया है, इस दौरान देशभर में झंडे आधे झुके रहेंगे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
शेख मोहम्मद का बयान
शेख मोहम्मद बिन राशिद ने एक बयान में कहा, 'अल्लाह शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम पर अपनी रहमत करे। हम उन्हें अलविदा कहते हैं और अल्लाह के फैसले पर विश्वास रखते हैं। शेख अहमद हमेशा हमारे दिलों और दुआओं में रहेंगे। हम प्रार्थना करते हैं कि अल्लाह उन्हें अपने जन्नत के बागों में स्थान दे और हमें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।' उन्होंने यह भी कहा कि हम अल्लाह के हैं और उसी की ओर लौटकर जाना है।
पीएम मोदी का शोक संदेश
पीएम मोदी ने शेख अहमद के निधन पर सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, 'महामहिम शेख अहमद बिन राशिद अल मकतूम के निधन से मैं दुखी हूं। समाज की सेवा में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी। मैं शाही परिवार और दुबई के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'
शेख अहमद का जीवन
शेख अहमद बिन राशिद का जन्म 1950 में हुआ था। वह दुबई के पूर्व शासक शेख राशिद बिन सईद अल मकतूम के सबसे छोटे पुत्र थे। उन्होंने ब्रिटेन की रॉयल मिलिट्री अकादमी सैंडहर्स्ट से शिक्षा प्राप्त की और बाद में दुबई की सैन्य व्यवस्था में कार्य किया। वह सेंट्रल मिलिट्री कमांड से जुड़े रहे और दुबई पुलिस तथा पब्लिक सिक्योरिटी में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाईं। इसके अलावा, वह कारोबार और रियल एस्टेट में भी सक्रिय रहे।