पाकिस्तान की सऊदी अरब और तुर्की के साथ त्रिपक्षीय रक्षा वार्ता
पाकिस्तान की मेज़बानी में त्रिपक्षीय वार्ता
पाकिस्तान शुक्रवार को सऊदी अरब और तुर्की के साथ एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय रक्षा समझौते के तहत वार्ता आयोजित करने जा रहा है, जिसमें किसी एक सदस्य पर हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। यह जानकारी दो सुरक्षा अधिकारियों ने साझा की। इस्लामाबाद में होने वाली इस बैठक में पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की जाएगी।
इसमें यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर किए जा रहे हमलों पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। अधिकारियों ने अपनी पहचान उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी, क्योंकि उन्हें बैठक के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने की अनुमति नहीं थी। पाकिस्तान ने स्पष्ट किया है कि यह समझौता पूरी तरह से रक्षात्मक है और किसी भी देश, विशेषकर ईरान के खिलाफ नहीं है।
पाकिस्तान ने कहा है कि यह त्रिपक्षीय गठबंधन सामरिक सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की साझा इच्छा को दर्शाता है। अधिकारियों के अनुसार, बैठक में तीनों देशों के वरिष्ठ राजनयिकों के साथ-साथ रक्षा और सैन्य अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। वे खतरों को रोकने, सैन्य सहयोग बढ़ाने, खुफिया जानकारी साझा करने और रक्षा उद्योग के बीच संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ, विदेश मंत्री इसहाक डार और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इस बैठक में भाग लेंगे। आसिफ ने कहा है कि हूती विद्रोहियों के हमलों से सऊदी अरब की रक्षा के लिए पाकिस्तान ‘‘हर संभव साधन’’ का उपयोग करेगा। इसके साथ ही, पाकिस्तान क्षेत्र में और उसके बाहर संघर्ष को बातचीत के माध्यम से समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान को फिर से वार्ता की मेज पर लाने का प्रयास कर रहा है।
इस दिशा में, वह कतर समेत पश्चिम एशिया के अन्य देशों की मदद ले रहा है। पाकिस्तान ने जून में दोनों पक्षों के बीच एक अंतरिम समझौता कराया था। शुक्रवार को होने वाली रणनीतिक, राजनीतिक और रक्षा समिति की बैठक संयुक्त मक्का रक्षा समझौते के तहत आयोजित की जा रही है।
इस समझौते पर अगस्त में सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का में सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान, तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हस्ताक्षर किए थे। पाकिस्तान सरकार ने बैठक से पहले इसकी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, अधिकारियों ने सुरक्षा उपायों के तहत लोगों की आवाजाही को सीमित करने के लिए इस्लामाबाद में स्थानीय अवकाश घोषित किया है।
इस्लामाबाद यातायात पुलिस ने विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए सड़क मार्गों में बदलाव की घोषणा की है और वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है।