पाकिस्तान की सेना ने अफगान तालिबान के ठिकानों पर किया हमला
पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई
पाकिस्तान की सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के दक्षिण वजीरिस्तान और पाराचिनार जिलों में सीमा पार से हुई कथित गोलीबारी के जवाब में अफगान तालिबान की कई चौकियों और सैन्य ठिकानों को नष्ट कर दिया। यह जानकारी सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को दी। सरकारी 'रेडियो पाकिस्तान' के अनुसार, अफगान तालिबान बलों ने 27 अक्टूबर को दक्षिण वजीरिस्तान के अंगूर अड्डा क्षेत्र में 'बिना किसी उकसावे के' गोलीबारी की थी, जिसके बाद पाकिस्तानी बलों ने सीमा पार स्थित ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की।
रिपोर्ट में बताया गया कि दक्षिण वजीरिस्तान और पाराचिनार के आसपास के क्षेत्रों में अफगान तालिबान की कई चौकियों, बंकरों और सैन्य ठिकानों को भारी हथियारों से निशाना बनाया गया। इस हमले के बाद कई तालिबान कर्मियों ने अपने ठिकाने छोड़ दिए, जबकि कुछ के मारे जाने का भी दावा किया गया। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 27 अक्टूबर को अंगूर अड्डा में हुई सीमा पर गोलीबारी में आम नागरिक भी प्रभावित हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। अगले दिन, अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना का अलग विवरण देते हुए आरोप लगाया कि हमला पाकिस्तानी बलों ने शुरू किया था।