पेरिस में नस्ली हमले में मारे गए MMA खिलाड़ी की पहचान हुई
पेरिस में गोलीबारी की घटना
पेरिस के उपनगर में शुक्रवार को हुई गोलीबारी में एक 26 वर्षीय शौकिया मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी की मौत हो गई। उसके क्लब ने उसकी पहचान उजागर करते हुए जानकारी दी कि मृतक का नाम पेंगो बोसियो वांगी है। फ्रांसीसी अधिकारियों ने इस हमले को नस्ली भावना से प्रेरित बताया है।
ओबरविलिए में स्थित ‘अट्च अकादमी’ ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर पेंगो को श्रद्धांजलि दी। क्लब ने कहा, ‘‘पेंगो हम में से एक था।’’ उन्होंने उसकी मुस्कान, ऊर्जा और उदारता को याद करते हुए कहा कि किसी की जान लेना कभी भी सही नहीं ठहराया जा सकता।
इस गोलीबारी में 12 वर्षीय एक लड़की समेत कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं। एक बंदूकधारी ने वाहन में सवार होकर ट्रैप और ला वेरिएर के तीन स्थानों पर गोलीबारी की थी।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इसे ‘‘नस्ली आतंकवादी हमला’’ करार दिया और कहा कि पीड़ितों को उनकी ‘‘त्वचा के रंग या कथित धार्मिक पहचान’’ के आधार पर निशाना बनाया गया। गोलीबारी के तुरंत बाद एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।
फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी अभियोजक कार्यालय ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।