बेल्जियम में खुदाई के दौरान मजदूरों को मिला 98 करोड़ का सोने का खजाना
खुदाई में मिला अनमोल खजाना
बेल्जियम में एक निर्माण स्थल पर सीवर लाइन की खुदाई के दौरान श्रमिकों को सोने की ईंटों और दुर्लभ सिक्कों का एक बड़ा भंडार मिला है। 'द गार्डियन' की रिपोर्ट के अनुसार, यह खजाना ब्रसेल्स से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित सिंट-गिलिस-डेंडरमोंडे में पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 9 मिलियन यूरो (लगभग 98 करोड़ रुपये) है।
खुदाई के दौरान की गई खोज
खुदाई करने वाले 18 वर्षीय श्रमिक कोबे ने बताया, "हमें अचानक कुछ दिखाई दिया। पहले तो मुझे लगा कि ये एक यूरो के सिक्के हैं, लेकिन फिर हमने सोने की एक ईंट देखी। यह हमारी कल्पना से कहीं अधिक था।" कोबे अपने दोस्तों के साथ साइट पर काम कर रहा था।
खजाने का स्थान
इस खजाने में सोने के सिक्के, सोने के टुकड़े और नंबर वाले सोने की छड़ें शामिल थीं। इसे एक भव्य विला के तहखाने की दीवार में ईंटों से बंद करके एक बैग में छिपाया गया था। यह विला 19वीं सदी के अंत में शराब बनाने वाले कंपनी के मालिक थियोफिलस वैन एश के लिए बनाया गया था। कोबे ने कहा, "मंगलवार की सुबह ऐसी चीज की उम्मीद नहीं थी।" उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा लगता है कि इस खजाने को जानबूझकर छिपाया गया था।
खजाना सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
जानकारी मिलने के बाद, अधिकारियों ने तुरंत उस स्थान को सुरक्षित किया और खजाने को ब्रुसेल्स के एक सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। अधिकारी अब इसके कानूनी मालिक का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
इतिहास में शराब की फैक्ट्री
इस स्थान पर शराब बनाने का कार्य 1899 में शुरू हुआ और 1970 में बंद हो गया। इस संपत्ति के लोहे के गेट पर अभी भी "VA" लिखा हुआ है। अब सामाजिक कल्याण संस्था CAW Oost-Vlaanderen इसका नवीनीकरण कर रही है, ताकि यहां नए कार्यालय और आवास बनाए जा सकें।