ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारी
योषिता सिंह
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस इस महीने के अंत में नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। भारत इस वर्ष ब्रिक्स (उभरती हुई अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों का समूह) की अध्यक्षता कर रहा है। यह सम्मेलन 12-13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य देशों के नेताओं के साथ-साथ साझेदार देशों और विशेष आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'हमने अभी तक आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया है कि महासचिव लगभग 10 दिन बाद नई दिल्ली में होने वाली ब्रिक्स बैठक में भाग लेंगे।'
इस वर्ष ब्रिक्स का विषय 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' है। विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि ब्रिक्स की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए भारत के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
ये कार्यक्रम ब्रिक्स सहयोग के तीन मुख्य स्तंभों— राजनीतिक एवं सुरक्षा, आर्थिक एवं वित्तीय, और सांस्कृतिक एवं लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किए गए हैं। भारत ब्रिक्स के संस्थापक सदस्यों में से एक है और पहले भी 2012, 2016 और 2021 में इसकी अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली।
इस वर्ष ब्रिक्स अपनी स्थापना की 20वीं वर्षगांठ भी मना रहा है।