☰
×

भारतीय-अमेरिकी ज्योत सिंह बने जॉर्जिया के पहले सिख प्रतिनिधि

ज्योत सिंह ने जॉर्जिया के हाउस डिस्ट्रिक्ट 97 से चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है, वह इस पद पर पहुंचने वाले पहले सिख हैं। चुनावी जीत के बाद, उन्होंने अपने समुदाय के लिए एक नया इतिहास लिखने की बात की। जानें उनकी प्राथमिकताएं और चुनावी प्रक्रिया के बारे में।
 

ज्योत सिंह की ऐतिहासिक जीत

(योषिता सिंह) न्यूयॉर्क, 5 नवंबर: अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में भारतीय-अमेरिकी ज्योत सिंह ने जॉर्जिया प्रतिनिधि सभा के लिए चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। वह इस पद पर पहुंचने वाले पहले सिख बन गए हैं। येल यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र ज्योत सिंह ने 3 नवंबर को हुए चुनावों में जॉर्जिया के ‘हाउस डिस्ट्रिक्ट 97’ से शानदार जीत हासिल की। चुनावी जीत के बाद, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में कहा, “हमने ‘हाउस डिस्ट्रिक्ट 97’ में अपने पूरे समुदाय के लिए एक नया इतिहास लिखा है।”


चुनाव से पहले, ज्योत सिंह ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा था कि जॉर्जिया के नॉरक्रॉस शहर में बड़े होने के दौरान उन्होंने सीखा कि विविधता केवल एक संख्या नहीं है, बल्कि यह हमारी ताकत है। उन्होंने कहा, “यह ग्विनेथ का एक जटिल और रंगीन ताना-बाना है, जहां हर सिलाई का महत्व है। लेकिन मैं जानता हूं कि किसी ताने-बाने को मजबूत बनाए रखने के लिए हर धागे का सुरक्षित होना जरूरी है। मैंने उन कमियों को देखा है जहां परिवार पिछड़ जाते हैं, जहां स्वास्थ्य सेवा एक विलासिता बन जाती है और आवास की लागत उन बुनियादों को हिला देती है जिन्हें खड़ा करने के लिए लोगों ने कड़ी मेहनत की है।”


उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य इस विविधता को बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले। डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में, सिंह ने 68 प्रतिशत मत (13,820 वोट) प्राप्त कर एकतरफा जीत दर्ज की।


उन्होंने अपने निकटतम रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी यासीन मोघाजी को हराया, जिन्हें केवल 32 प्रतिशत (6,509 वोट) मिले। इससे पहले, मई 2026 में आयोजित पार्टी की ‘डेमोक्रेटिक प्राइमरी’ में सिंह ने जैक्स लॉरेंट को हराकर अपनी उम्मीदवारी तय की थी।