मिनियापोलिस में गोलीबारी: संदिग्ध सहित तीन की मौत, पुलिस अधिकारी भी घायल
मिनियापोलिस में गोलीबारी की घटना
नई दिल्ली: बुधवार शाम को अमेरिका के मिनियापोलिस में एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग में अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन हालात और बिगड़ गए। अधिकारियों ने ऊपरी मंजिल से फिर से फायरिंग की आवाज सुनी। जब पुलिस वहां पहुंची, तब तक दो लोगों की जान जा चुकी थी और गोली चलाने वाला संदिग्ध भी मारा गया था। इस घटना में तीन पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।
यह घटना मिनियापोलिस के सेंट्रल क्षेत्र में स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई। मिनियापोलिस पुलिस के सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घायल तीन अधिकारियों में से दो को गोली लगी है। हेन्नेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर के अनुसार, तीनों पुलिसकर्मियों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो में कई पुलिसकर्मी एक ऊंची इमारत की ओर राइफल ताने हुए दिखाई दिए। यह बिल्डिंग मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर के निकट बताई गई है।
पुलिस को गोलीबारी की सूचना कैसे मिली
न्यूज मीडिया के अनुसार, सार्जेंट पार्टेन ने बताया कि बुधवार शाम लगभग 4:30 बजे पुलिस को 911 पर अपार्टमेंट बिल्डिंग में फायरिंग की सूचना मिली। कॉल मिलने के तीन मिनट के भीतर ही पुलिस टीम इमारत के अंदर पहुंच गई। अंदर अधिकारियों को गोली लगने से घायल लोग मिले। इसी दौरान उन्हें ऊपरी मंजिल से फिर गोलियों की आवाज सुनाई दी। पुलिसकर्मी आवाज की दिशा में बढ़े और ऊपरी मंजिल तक पहुंचे।
पार्टेन के अनुसार, वहां धुंध जैसी स्थिति थी, जिससे पुलिस को आसपास का दृश्य स्पष्ट नहीं दिख रहा था। एक पुलिस अधिकारी के पैर में गोली लगी थी, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अन्य दो अधिकारियों को भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि एक अधिकारी की सर्जरी की जा रही थी। गोलीबारी में मारे गए दो लोगों में से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। अधिकारियों ने संदिग्ध की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
चश्मदीद का बयान
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, जूलियस बेली उस समय अपनी अपार्टमेंट बिल्डिंग के बाहर बैठे थे जब उन्हें अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। उन्होंने एक व्यक्ति को देखा, जिसे वह बिल्डिंग में रहने वाले के रूप में पहचानते थे, उसके हाथ में पिस्तौल थी। बेली ने बताया कि उन्होंने एक महिला की चीख सुनी और खतरा भांपते ही वहां से भागने लगे। उनके अनुसार, उन्होंने लगभग आठ गोलियों की आवाज सुनी।
बेली ने कहा कि वह उस व्यक्ति को पहले से जानते थे और उसे अक्सर सार्वजनिक स्थानों पर बंदूक लहराते हुए देखा था। जून में बिल्डिंग में रहने आने के बाद से ही वह उससे दूरी बनाए हुए थे, क्योंकि उन्हें पहले से अंदेशा था कि यह व्यक्ति कभी बड़ी परेशानी खड़ी कर सकता है।