यमन में हवाई हमलों में 20 लोगों की मौत, हूती विद्रोहियों पर आरोप
यमन में हवाई हमलों का ताजा मामला
काहिरा, 6 नवंबर (एपी) दक्षिण-पश्चिम यमन के एक बाजार में शुक्रवार को हुए हवाई हमलों में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई। यह जानकारी ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-सबाही ने हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले टीवी चैनल ‘अल मसीरा’ को बताया कि ताइज प्रांत के अल-वजियाह में स्थित बाजार पर हुए हवाई हमलों में 15 लोग घायल भी हुए हैं।
उन्होंने सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन को इस हमले का जिम्मेदार ठहराया और कहा कि मृतकों की संख्या में वृद्धि की संभावना है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने एक बयान में बिना किसी सबूत के कहा कि सुबह लगभग सात बजे अल-हदारा बाजार पर तीन हवाई हमले किए गए, जिनमें कई आम नागरिक प्रभावित हुए। इस मामले में सऊदी अरब के सूचना मंत्रालय ने टिप्पणी के लिए किए गए अनुरोधों का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।
इस बीच, ताइज प्रांत के सरकारी मीडिया कार्यालय ने फेसबुक पर एक बयान जारी कर भीड़भाड़ वाले बाजार पर हमले की पुष्टि की और कहा कि इसमें लोग हताहत हुए हैं। हालांकि, उन्होंने मृतकों और घायलों की संख्या का विवरण नहीं दिया। ताइज के अधिकारियों ने इस घटना के लिए हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि इलाके में कोई हवाई हमला नहीं हुआ था।