☰
×

यूएई ने इजराइल में विमान अपहरण प्रयास की जानकारी साझा की

संयुक्त अरब अमीरात ने इजराइल के साथ फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट द्वारा अपहरण प्रयास की जानकारी साझा की है। इस घटना ने सुरक्षा जांच में खामियों को उजागर किया है, जिससे यह सवाल उठता है कि हमलावर कैसे बच निकला। जानें इस मामले में क्या हुआ और अधिकारियों ने क्या जानकारी दी।
 

इजराइल में विमान अपहरण की कोशिश

तेल अवीव, 4 अक्टूबर (एपी) - संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अधिकारियों ने ‘फ्लाईदुबई’ की उस उड़ान के यात्रियों और चालक दल की जानकारी इजराइल के साथ पहले ही साझा कर दी थी, जिसमें एक सह-पायलट ने विमान को नियंत्रित करने और उसे दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास किया। क्षेत्रीय अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। इस घटना के बाद यह सवाल उठता है कि हमलावर सुरक्षा जांच से कैसे बच निकला।


जांच के दौरान, प्रारंभिक जानकारियों में सुरक्षा व्यवस्था में कई गंभीर खामियों का संकेत मिला है। अधिकारियों ने बताया कि ओमान के सह-पायलट को उसके देश ने कट्टरपंथी विचारों के कारण विमान उड़ाने से रोका था। यह भी स्पष्ट नहीं है कि ओमान के नागरिक को, जिसके इजराइल के साथ राजनयिक संबंध नहीं हैं, इजराइली यात्रियों से भरे विमान को तेल अवीव ले जाने की अनुमति कैसे दी गई।


जांच का नेतृत्व कर रहे यूएई ने बताया कि सह-पायलट ने बुधवार को कॉकपिट में आपातकालीन उपकरण के रूप में रखी ‘कुल्हाड़ी’ से भारतीय कप्तान स्मित मच्छार पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। मच्छार की बहादुरी के कारण 182 यात्रियों को लेकर जा रहा विमान सुरक्षित उतरा। क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि यूएई ने यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की राष्ट्रीयता सहित उनकी जानकारी इजराइल के साथ साझा की थी।


इस मामले में एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि इजराइल ने यात्रियों या चालक दल के किसी भी सदस्य के बारे में कोई सुरक्षा चेतावनी जारी नहीं की थी।