यूक्रेन के राष्ट्रपति ने क्रिसमस पर पुतिन की मृत्यु की कामना की
यूक्रेन के राष्ट्रपति का क्रिसमस संदेश
कीव: क्रिसमस की पूर्व संध्या पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने अपने देशवासियों को संबोधित करते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मृत्यु की कामना की, हालांकि उन्होंने पुतिन का नाम नहीं लिया। क्रिसमस के दौरान रूस द्वारा यूक्रेन पर हमले के कारण दोनों देशों में फिर से तनाव बढ़ गया है।
ज़ेलेंस्की ने कहा, "प्राचीन काल से यूक्रेनियन मानते आए हैं कि क्रिसमस की रात आसमान खुल जाता है। यदि आप उन्हें अपना सपना बताते हैं, तो वह सच हो जाता है। आज हम सभी एक ही सपना देख रहे हैं। हम सब एक ही दुआ करते हैं - काश वह मर जाए।"
रूस का बड़ा मिसाइल हमला
यह दुआ मंगलवार को क्रिसमस की पूर्व संध्या से पहले रूस द्वारा यूक्रेन के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए एक बड़े मिसाइल हमले के बाद आई। समाचार रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में तीन लोगों की जान गई और देश में व्यापक बिजली कट गई।
क्रिसमस पर ड्रोन हमले
क्रिसमस के दिन भी हमले जारी रहे, जब रूस ने यूक्रेन पर 131 ड्रोन दागे। हालांकि, यूक्रेनी रक्षा बलों ने अधिकांश ड्रोन को नष्ट कर दिया, लेकिन लगभग 22 ड्रोन 15 क्षेत्रों में गिर गए। ज़ेलेंस्की ने त्योहार के दौरान हुए हमलों की कड़ी निंदा की और शांति प्रयासों पर सवाल उठाए।
ज़ेलेंस्की ने नागरिकों से हमलों का सामना करने के लिए एकजुट रहने का आग्रह किया। उन्होंने उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना यूक्रेन के हितों की रक्षा की। उन्होंने कहा, "हम सभी वीर शहीदों के लिए हैं जिन्होंने अपनी जान देकर यूक्रेन की रक्षा की। हम उन लोगों के लिए हैं जिन्हें रूस ने कब्जे में लेकर भागने पर मजबूर किया। हम उन लोगों के लिए हैं जो कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, लेकिन जिन्होंने अपने भीतर से यूक्रेन को नहीं खोया है। आज हम कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और अंधेरे में अपना रास्ता नहीं भटकेंगे।"