यूक्रेन में बुनियादी ढांचे पर हमले से बिजली और पानी की आपूर्ति ठप
कीव में बुनियादी ढांचों पर हमले का असर
कीव, चार नवंबर (एपी) - यूक्रेन की राजधानी और उसके आस-पास के क्षेत्रों में बुधवार रात को महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमलों के कारण घंटों तक पानी और बिजली की आपूर्ति बाधित रही। इस बीच, बचावकर्मी देश के दक्षिणी हिस्से में मलबे के बीच जीवित लोगों की खोज में लगे रहे, जहां तीन दिन पहले युद्ध के दौरान एक सबसे घातक हमला हुआ था। सोमवार को, ज़ापोरिझिया क्षेत्र में अग्रिम मोर्चे के निकट कोमिशुवाखा गांव में एक स्कूल और आश्रय स्थल पर रूस के कई बम गिरे, जिससे 37 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
प्रशासन का कहना है कि लगभग 38 लोग अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। रूस ने अन्य स्थानों पर अपने हवाई हमलों को धीमा करने के कोई संकेत नहीं दिए हैं। कीव में, निवासियों को सार्वजनिक पेयजल फव्वारों का उपयोग करने की सलाह दी गई है और सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में आपात केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां लोगों को गर्म चाय और बिजली के उपकरण चार्ज करने के लिए ‘पावर पॉइंट’ उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कीव की जल वितरण कंपनी ने बाद में जानकारी दी कि शहर में जल आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं, यूक्रेन की सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी, डीटीईके ने बताया कि मरम्मत दलों द्वारा प्रणाली को स्थिर करने के बाद कीव में बिजली की आपात कटौती समाप्त हो गई। यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि रूस ने रातभर में 310 ड्रोनों से यूक्रेन पर हमला किया, जिनमें 81 जेट-संचालित ड्रोन शामिल थे। वायु सेना ने सोशल मीडिया पर बताया कि उसने विभिन्न प्रकार के 272 ड्रोनों को मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया।
मंगलवार को नौ क्षेत्रों में बिजली संयंत्रों और उपविद्युत केंद्रों पर बड़े पैमाने पर रूसी हमले के कारण कीव और उसके आसपास के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। सरकारी बिजली कंपनी उक्रेनर्गो ने कहा कि रूस ने 24 घंटों में 20 से अधिक बार ऊर्जा केंद्रों पर हमला किया।