स्पेन के परिवहन मंत्री ने ट्रेन दुर्घटना के बाद दिया इस्तीफा
स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेन दुर्घटना का असर
मैड्रिड, चार नवंबर (एपी) - स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने मंगलवार को उस समय अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की जब मैड्रिड के दक्षिण में एक हाई-स्पीड ट्रेन दुर्घटना में 69 लोगों की जान चली गई। यह घटना छह दिन पहले हुई थी। पुएंते ने सांसदों के साथ हुई चर्चा के बाद यह निर्णय लिया। यह इस वर्ष स्पेन के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क पर होने वाली दूसरी गंभीर दुर्घटना है।
पुएंते ने कहा, "स्पेन जैसे देश के परिवहन मंत्री के लिए एक वर्ष में दो रेल हादसों के बाद अपने पद पर बने रहना संभव नहीं है। यह राजनीतिक नैतिकता, सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता और पीड़ितों के प्रति संवेदना का मामला है।"
यह दुर्घटना 28 अक्टूबर को हुई, जब मैड्रिड-सेविले रेलमार्ग पर सुरक्षा से संबंधित मुख्य संचार तंत्र विफल हो गया। इसके परिणामस्वरूप, मैड्रिड स्थित केंद्रीय नियंत्रण कक्ष ने रेल परिचालन की जिम्मेदारी संभाली और एक रेलगाड़ी के पहले से मौजूद होने के बावजूद दूसरी रेलगाड़ी को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी।
इसका नतीजा यह हुआ कि दूसरी तेज रफ्तार रेलगाड़ी पहले से मौजूद रेलगाड़ी से टकरा गई। यह वर्ष का दूसरा बड़ा हादसा है, इससे पहले जनवरी में इसी मार्ग पर एक रेलगाड़ी पटरी से उतर गई थी, जिसमें 46 लोगों की जान गई थी। उस दुर्घटना की जांच अभी भी जारी है।