बीएसएनएल में जनरल मैनेजर के 15 पदों के लिए भर्ती, आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू
बीएसएनएल में जनरल मैनेजर पदों की भर्ती
नई दिल्ली - भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने फाइनेंस और अकाउंट्स स्ट्रीम में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर जनरल मैनेजर के 15 पदों के लिए भर्ती की घोषणा की है। इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है, जिसमें उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 जून को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और अंतिम तिथि 24 जून को सुबह 10 बजे तक निर्धारित की गई है।
जो उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे बीएसएनएल के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी द्वारा आवेदन पत्र भरते समय कोई गलती होती है, तो त्रुटि सुधारने का विंडो 25 जून से 28 जून तक उपलब्ध रहेगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए), कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (सीएमए), या एमबीए (फाइनेंस) या प्रबंधन (फाइनेंस) में पीजी डिप्लोमा होना आवश्यक है। इसके साथ ही, उम्मीदवारों के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 3 से 15 वर्षों का अनुभव होना चाहिए। अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है।
योग्य उम्मीदवारों का चयन आयु, योग्यता और अनुभव के आधार पर प्रारंभिक स्क्रीनिंग, समूह चर्चा, प्रस्तुति और इंटरव्यू के माध्यम से किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 2,25,000 रुपए तक का वेतन मिलेगा। आवेदन करते समय सभी वर्गों के उम्मीदवारों को 1,000 रुपए का आवेदन शुल्क ऑनलाइन भुगतान करना होगा। ध्यान दें कि आवेदन शुल्क का सफलतापूर्वक भुगतान होने के बाद ही रजिस्ट्रेशन फॉर्म स्वीकार किया जाएगा।
