महिंद्रा की नई थार रॉक्स आधारित सैन्य गाड़ी: कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार
नई सैन्य गाड़ी का अनावरण
नई दिल्ली: भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में एक बार फिर स्वदेशी तकनीक का प्रदर्शन हुआ है। महिंद्रा ने थार रॉक्स पर आधारित एक नई सैन्य वाहन पेश की है, जिसे विशेष रूप से कठिन इलाकों और युद्ध जैसी स्थितियों के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह केवल एक SUV नहीं है, बल्कि इसे एक रणनीतिक वाहन के रूप में विकसित किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह वाहन सैनिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है और हर प्रकार के कठिन रास्तों पर भरोसेमंद साबित होगी।
मजबूती और डिजाइन में सैन्य प्रभाव
इस नए ऑल-टेरेन वाहन का डिज़ाइन काफी शक्तिशाली और आक्रामक है। इसके सामने थार रॉक्स जैसी LED हेडलाइट्स और ग्रिल हैं, लेकिन इसमें एक भारी बंपर भी जोड़ा गया है। इसमें लगा विंच कीचड़ या गड्ढों में फंसी गाड़ी को निकालने में मदद करता है। गाड़ी के शीशे को सुरक्षित रखने के लिए एक मजबूत पाइप फ्रेम लगाया गया है, जो इसे अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करता है।
खुला ढांचा, त्वरित कार्रवाई के लिए अनुकूल
इस वाहन में पारंपरिक दरवाजों और छत को हटा दिया गया है। उनकी जगह एक मजबूत रोल केज और पाइप संरचना दी गई है, जिससे सैनिक आसानी से अंदर-बाहर हो सकते हैं। ऊपर की ओर 360 डिग्री घूमने वाला टरेट लगाया जा सकता है, जहां मशीन गन फिट की जा सकती है। यह फीचर इसे चलते-फिरते ऑपरेशन के लिए बेहद उपयोगी बनाता है।
Presenting the Mahindra ATV (All-Terrain Vehicle)
— anand mahindra (@anandmahindra) May 4, 2026
No excess. No ornamentation.
Just focussed capability.
Every bar, every mount, every inch of clearance has a job to do. From airdrop readiness to mission-grade protection, a gun mount, complete underbody protection, tandem tyre… pic.twitter.com/ZT5EmFJ5f3
कठिन रास्तों के लिए विशेष तैयारी
ऑफ-रोडिंग को ध्यान में रखते हुए इसमें 18 इंच के मजबूत टायर लगाए गए हैं और इसकी ग्राउंड क्लीयरेंस बढ़ाई गई है। नीचे की तरफ अंडरबॉडी प्रोटेक्शन दिया गया है, जिससे पथरीले रास्तों पर नुकसान का खतरा कम होता है। पीछे की तरफ अतिरिक्त पहिए और फ्यूल के लिए जेरीकेन होल्डर भी दिया गया है, जो लंबे मिशनों में मददगार साबित होगा।
सैनिकों के सामान के लिए स्मार्ट व्यवस्था
इस वाहन में सेना के उपकरण रखने के लिए खास MOLLE सिस्टम लगाया गया है। इसके जरिए हथियार और जरूरी सामान आसानी से व्यवस्थित किया जा सकता है। सीटों को आर्मी ग्रीन रंग में डिजाइन किया गया है, जो इसे पूरी तरह सैन्य लुक देता है। हर छोटी जरूरत को ध्यान में रखते हुए इसका इंटीरियर तैयार किया गया है।
शक्तिशाली इंजन और बेहतरीन प्रदर्शन
इस ATV में 2.2 लीटर का डीजल इंजन दिया गया है, जो 172bhp की पावर और 400Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 4x4 ड्राइव सिस्टम मौजूद है, जिससे यह पहाड़, रेत और कीचड़ जैसे कठिन इलाकों में भी आसानी से चल सकती है। कंपनी का कहना है कि ट्रायल के बाद यह गाड़ी सेना के ऑपरेशन में नई ताकत जोड़ सकती है।
