मुख्यमंत्री ने बल्क ड्रग पार्क के विकास कार्य का शिलान्यास किया
मुख्यमंत्री की नई औद्योगिक परियोजना की शुरुआत
सीएम ने बल्क ड्रग पार्क के 250 करोड़ रुपये के साइट विकास कार्य का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री की ऊना जिले को 260 करोड़ की सौगात, हरोली में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति
ऊना/सुशील पंडित- मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हरोली उपमंडल के पोलियां बीत में बल्क ड्रग पार्क परियोजना के तहत 250 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले साइट विकास और आधारभूत संरचना कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। इसके साथ ही, उन्होंने पंजुआना में 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कामकाजी महिला छात्रावास की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने बताया कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना राष्ट्रीय महत्व की है। उन्होंने अधिकारियों को इस परियोजना के कार्यों की गति को तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अगले छह से आठ महीनों में यहां कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे और यह क्षेत्र एक आधुनिक औद्योगिक शहर के रूप में विकसित होगा। उन्होंने बताया कि यह औद्योगिक परिसर 2000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा है, जो देश के फार्मा क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह परियोजना एक्टिव फार्मास्यूटिकल इन्ग्रीडिएंट्स के निर्माण में भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगी और दवाइयों के कच्चे माल के लिए विदेशी निर्भरता को कम करेगी। देश में केवल तीन बल्क ड्रग पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक हरोली में स्थापित हो रहा है, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वयं संचालित करने का निर्णय लिया है। केंद्र और राज्य सरकार इस योजना में एक-एक हजार करोड़ रुपये का समान निवेश कर साझेदारी के आधार पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रभावी नेतृत्व में यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। इसके अलावा, 3400 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित पांच किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन इस पार्क को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी, जिससे निवेश और आपूर्ति श्रृंखला को नई मजबूती मिलेगी।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार विशेष प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से संतोषगढ़-जैंजों सड़क कार्य योजना पर तेजी से कार्य प्रगति पर है। यह सड़क परियोजना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी और लोगों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाएगी। उन्होंने कहा कि जिला ऊना के लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 175 करोड़ रुपये की नई पेयजल योजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। यह महत्वाकांक्षी योजना विशेष रूप से ऊना के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को नई मजबूती प्रदान करेगी और हजारों परिवारों को लाभान्वित करेगी।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार राष्ट्रीय महत्व की बल्क ड्रग पार्क परियोजना के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में मील का पत्थर साबित होगी और प्रदेश को रोजगार, निवेश और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर प्रदान करेगी।
इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा, सुदर्शन बबलू, पूर्व मंत्री एवं हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, पूर्व विधायक ऊना सतपाल सिंह रायजादा, एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, हिमोकोफेड के अध्यक्ष विक्रम शर्मा डिक्की, पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष मनीष कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम, हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग आरडी नजीम, निदेशक उद्योग विभाग डॉ. यूनुस, अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा, उपायुक्त ऊना जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
