मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में की कटौती
पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी
पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कमी: केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी को 10 रुपये कम कर दिया है। अब पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटकर 3 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल की एक्साइज ड्यूटी अब शून्य हो गई है। इस पर टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने कहा कि सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है क्योंकि स्थिति आपातकाल जैसी बन गई है।
सागरिका घोष ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "यह कटौती सरकार की विफलता को दर्शाती है। पिछले तीन हफ्तों से मोदी सरकार यही कहती रही कि सब कुछ सामान्य है, लेकिन अब उन्होंने एक्साइज ड्यूटी कम की है क्योंकि स्थिति गंभीर हो गई है। यह सरकार तब ही सक्रिय होती है जब कोई संकट आता है। कई लोगों को गैस प्राप्त करने में भी कठिनाई हो रही है।"
गौरतलब है कि वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच भारत सरकार का यह निर्णय तेल कंपनियों के लिए राहत का कारण बना है, क्योंकि उन्हें संकट के समय महंगे दामों पर कच्चा तेल खरीदना पड़ रहा था। हालांकि, राज्य सरकारों का वैट लागू रहेगा। आम जनता को केंद्र के इस फैसले का लाभ नहीं मिलेगा, क्योंकि पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम नहीं होंगी। यदि तेल कंपनियां कीमतें घटाती हैं, तो इसका लाभ लोगों को मिलेगा।
