एक्सिस बैंक ने खोली पहली डिजिटल लॉकर शाखा, सुरक्षित बैंकिंग का नया आयाम
एक्सिस बैंक की नई डिजिटल शाखा का उद्घाटन
एक्सिस बैंक ने शनिवार को अपनी पहली डिजिटल लॉकर-केंद्रित शाखा का उद्घाटन किया। बैंक ने बताया कि यह शाखा सुरक्षित बैंकिंग के नए मानकों को स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें उन्नत स्वचालन, उच्च सुरक्षा मानक और अत्याधुनिक लॉकर सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
इस शाखा का उद्घाटन वित्तीय सेवा सचिव एम नागराजू ने बैंक के प्रबंध निदेशक अमिताभ चौधरी और कार्यकारी निदेशक मुनीश शारदा की उपस्थिति में किया। बैंक के अनुसार, भारत में सुरक्षित जमा लॉकर की मांग और उपलब्धता के बीच का अंतर लगातार बढ़ रहा है, विशेषकर घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्रों में।
उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, वर्ष 2030 तक देश में लगभग छह करोड़ संपन्न व्यक्तियों को बैंक लॉकर की आवश्यकता होगी, जबकि वर्तमान में केवल 60 लाख लॉकर उपलब्ध हैं। यह अंतर बड़े शहरों में और भी अधिक स्पष्ट है, जहां शहरी आवास तेजी से गेटेड रिहायशी परिसरों में केंद्रित हो रहा है।
एक्सिस बैंक की यह नई डिजिटल लॉकर शाखा इसी बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने के लिए बनाई गई है, जो प्रीमियम आवासीय क्षेत्रों में सुरक्षित और स्वचालित लॉकर सेवाएं प्रदान करती है। बैंक ने कहा कि शाखा के डिजाइन और सेवा वितरण को नए सिरे से तैयार कर वह घनी शहरी आबादी वाले क्षेत्रों में अपनी भौतिक उपस्थिति को मजबूत कर रहा है, जिससे ग्राहकों को अधिक नियंत्रण, गोपनीयता और सुविधा मिल सके।
