एलन मस्क ने गैलेक्सआई के मिशन दृष्टि उपग्रह की सफलता पर दी बधाई
गैलेक्सआई के उपग्रह प्रक्षेपण पर मस्क की प्रतिक्रिया
स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क ने बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सआई को उनके ‘मिशन दृष्टि’ उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर बधाई दी। मस्क ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘बधाई’ लिखकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस पोस्ट के जवाब में थी, जिसमें उन्होंने गैलेक्सआई को इस प्रक्षेपण पर बधाई दी थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस प्रक्षेपण को भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और इसे देश के बढ़ते नवाचार तंत्र का प्रतीक कहा। उन्होंने कहा, ‘गैलेक्सआई का मिशन दृष्टि हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह और भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारे युवाओं के जुनून का प्रमाण है।’ यह उपग्रह स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के माध्यम से रविवार को कैलिफोर्निया से प्रक्षिप्त किया गया।
