पश्चिम बंगाल में 430 मॉडल स्कूलों की स्थापना के लिए एडीबी का समर्थन
पश्चिम बंगाल में शिक्षा का नया अध्याय
पश्चिम बंगाल में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की मदद से लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से 430 मॉडल स्कूलों की स्थापना की जाएगी। राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने यह जानकारी बृहस्पतिवार को दी।
बसु ने बताया कि राज्य प्रशासनिक मुख्यालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि इस योजना का उद्देश्य राज्य में शिक्षा प्रणाली का विस्तार करना है।
उन्होंने कहा, 'एडीबी के सहयोग से राज्य में कुल 430 मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जिनकी लागत लगभग 2,500 करोड़ रुपये होगी।' हर ब्लॉक में एक मॉडल स्कूल खोला जाएगा, जबकि 87 पिछड़े ब्लॉकों में दो-दो स्कूल स्थापित किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने आगे कहा, 'इन मॉडल स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, पर्यावरण-अनुकूल भवन, प्रयोगशालाएं, डिजिटल बुनियादी ढांचा, पुस्तकालय और खेलों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी।' इसके अलावा, विकलांग बच्चों के लिए समावेशी शिक्षा का भी ध्यान रखा जाएगा।
